1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: नामुमकिन होगा डेविड वॉर्नर से ऑरेंज कैप छीनना, जानें क्यों!

IPL 2017: नामुमकिन होगा डेविड वॉर्नर से ऑरेंज कैप छीनना, जानें क्यों!

 Written By: IANS
 Published : May 21, 2017 03:08 pm IST,  Updated : May 21, 2017 03:08 pm IST

डेविड वॉर्नर फाइनल के बाद भी मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर ऑरैंज कैप अपने पास रखते हुए सीजन का अंत करेंगे।

David Warner | BCCI Photo- India TV Hindi
David Warner | BCCI Photo

नई दिल्ली: मौजूदा विजेता सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस बार IPL 10 के फाइनल में भले ही न पहुंच पाई हो लेकिन उसके कप्तान डेविड वॉर्नर फाइनल के बाद भी मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर ऑरैंज कैप अपने पास रखते हुए सीजन का अंत करेंगे। IPL के फाइनल में मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट की टीमें रविवार को खिताबी मुकाबला खेलेंगी।

वॉर्नर ने इस IPL में 14 मैचों में 58.27 की औसत से 641 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। इस संस्करण में उनका स्ट्राइक रेट 141.81 का रहा है। फाइनल में पहुंची टीमों का कोई भी बल्लेबाज वॉर्नर के स्कोर के करीब नहीं है। लीग के इस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में पुणे के कप्तान स्टीवन स्मिथ पांचवें स्थान पर हैं। स्मिथ के अभी तक 14 मैचों में 38.27 की औसत से 421 रन हैं। उन्हें अगर वॉर्नर की बराबरी भी करनी है तो फाइनल में 220 रन बनाने होंगे, जो टी-20 के लिहाज से नामुमकिन लगता है।

स्मिथ से पहले जो 3 बल्लेबाज हैं उनमें कोलकाता नाइट राइडर्स के गौतम गंभीर (498), हैदराबाद के शिखर धवन (479) और गुजरात लायंस के सुरेश रैना (442) हैं और उनकी टीमें फाइनल में नहीं पहुंची हैं। वहीं मुंबई की तरफ से इस संस्करण में सबसे ज्यादा रन उसके सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने बनाए हैं। पटेल ने 15 मैचों में 26.06 की औसत से 391 रन बनाए हैं जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। रनों के लिहाज से पटेल, वॉर्नर से 250 रन पीछे हैं। इस स्थिति में वॉर्नर की बराबरी करने वाला बल्लेबाज दूर-दूर तक नजर नहीं आता, लिहाजा ऑरैंज कप वॉर्नर के पास ही रहने की पूरी-पूरी संभावना है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल