राजकोट: गुजरात लायन्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच टाई हो गया जिसके चलते मैच को फैसला सुपर ओवर से हुआ। सुपर ओवर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात लायन्स को हरा दिया। इससे पहले गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 153 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इससे पहले गुजरात लायंस ने मुम्बई इंडियंस के सामने 154 रनों का टारगेट रखा। राजकोट में चल रहे इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 153 रन बनाए। गुजरात की तरफ से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए।
ईशान और काफी हद तक रवींद्र जडेजा (28) को छोड़कर शीर्ष क्रम का कोई और बल्लेबाज छाप नहीं छोड़ सका। ईशान ने पारी की शुरूआत करते हुए 35 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्के लगाए। ब्रेंडन मैक्लम (6), सुरेश रैना (1), एरान फिंच (0) और दिनेश कार्तिक (2) ने निराश किया। जडेजा ने 21 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्का लगाया। IPL-10 में पहली बार खेल रहे इरफान पठान (2) अपने पदार्पण को यादगार नहीं बना सके। एक समय गुजरात ने 101 रनों पर 7 विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद जेम्स फॉकनर (21) और एंड्यू टाई (25) ने आठवें विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी करते हुए उसे एक लिहाज से सम्मानजनक योग तक पहुंचाया। यह साझेदारी सिर्फ 19 गेंदों पर हुई। टाई ने 12 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्के लगाए।
फाल्कनर ने 22 गेंदों का सामना कर 2 चौके लगाए। फॉल्कनर और टाई को 19वें ओवर में जसप्रीत बूमराह ने आउट किया। अंकित सोनी एक छक्के के साथ 7 तथा बासिल थम्पी 2 रनों पर नाबाद लौटे। मुम्बई की ओर से क्रूनाल पांडे ने 3 विकेट लिए जबकि बूमराह और लसिंथ मलिंगा ने 2-2 विकेट लिए। हरभजन सिंह ने एक सफलता हासिल की। क्रूनाल ने 4 ओवरों में सिर्फ 14 रन खर्च किए। IPL में खेले गए 8 मैचों में से 6 में जीत के साथ मुंबई ने 8 टीमों की तालिका में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं 8 मैचों में ही केवल 3 जीत के साथ गुजरात पांचवें स्थान पर है। दोनों टीमें दूसरी बार एक-दूसरे से भिड़ रही हैं। इससे पहले हुए मैच में 16 अप्रैल को मुंबई ने वानखेड़े स्टेडियम में गुजरात को 6 विकेट से हराया था।