बेंगलुरु: ‘मैन ऑफ द मैच’ सुनील नरेन के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 10 के 46वें मैच में विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ कोलकाता की टीम 8 टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। बेंगलोर अंतिम स्थान पर ही है। मुंबई और पुणे क्रमश: पहले और तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बैंगलोर की टीम ने कोलकाता के सामने 159 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे कोलकाता ने 15.1 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता के लिए कोलकाता ने क्रिस लिन (50), सुनील नरेन (54) की अर्धशतकीय पारी के दम पर जीत हासिल की।
सुनील नरेन ने अपनी पारी के दौरान IPL की सबसे तेज फिफ्टी लगाने का गौरव भी हासिल किया। उन्होंने 15 गेंदों पर पचासा जमाया और IPL में ऐसा करने वाले वह सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले KKR के ही युसूफ पठान ने 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 गेंदों पर फिफ्टी जमाई थी। बेंगलोर के लिए पवन नेगी ने 2 विकेट लिए। वहीं, अनिकेत चौधरी और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता हासिल हुई।
मंदीप सिंह (52) और ट्रेविस हेड (75 नॉटआउट) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर विराट कोहली की कप्तानी वाली बेंगलोर ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 158 रन बनाए थे। इस दौरान बारिश ने भी खलल डाली थी, जिसके कारण कुछ समय के लिए मैच रोक दिया गया। कोलकाता के लिए उमेश यादव ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए, वहीं सुनील नरेन को 2 और क्रिस वोक्स को एक सफलता मिली।