1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2020 : 'मांकड' पर पोंटिंग के साथ हुई दिलचस्प बातचीत, अगले सप्ताह करूंगा खुलासा - अश्विन

IPL 2020 : 'मांकड' पर पोंटिंग के साथ हुई दिलचस्प बातचीत, अगले सप्ताह करूंगा खुलासा - अश्विन

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 25, 2020 12:01 pm IST,  Updated : Aug 25, 2020 12:01 pm IST

अश्विन ने पिछले साल आईपीएल में जोस बटलर को नॉन स्ट्राइकर छोर पर क्रीज से काफी आगे निकलने के बाद रन आउट कर दिया था और तब कई ने इसे खेल भावना के विपरीत बताया था। 

R.Ashwin and Ricky Ponting- India TV Hindi
R.Ashwin and Ricky Ponting Image Source : IPLT20.COM/GETTY IMAGES

दुबई| भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि उन्होंने नॉन स्ट्राइकर छोर पर गेंद करने से पहले आगे निकलने वाले बल्लेबाज को आउट करने के विवादास्पद मसले पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने कोच रिकी पोंटिंग से बात की लेकिन वह टेलीफोन पर हुई अपनी बातचीत के सार का अगले सप्ताह खुलासा करेंगे।

अश्विन की टीम दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच पोंटिंग ने कहा था कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल से पहले बल्लेबाजों को आउट करने के इस विवादास्पद तरीके को लेकर इस भारतीय स्पिनर से बात करेंगे। तब से यह (मांकड) चर्चा का विषय बना हुआ है। अश्विन ने पिछले साल आईपीएल में इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर को नॉन स्ट्राइकर छोर पर क्रीज से काफी आगे निकलने के बाद रन आउट कर दिया था और तब कई ने इसे खेल भावना के विपरीत बताया था।

अश्विन दुबई पहुंच चुके हैं लेकिन पोंटिंग को अगले सप्ताह वहां पहुंचना है और इसके बाद वे आपस में बैठकर बात करेंगे। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘रिकी पोंटिंग अभी (दुबई) नहीं पहुंचे हैं। जब वह पहुंच जाएंगे तो हम उनके साथ बात करेंगे। हम फोन पर पहले ही बात कर चुके हैं। यह बातचीत बेहद दिलचस्प रही थी। ’’ इस स्पिनर ने कहा कि आमने सामने बातचीत करना बेहतर है क्योंकि आस्ट्रेलियाई लहजे की अंग्रेजी का अनुवाद में अर्थ का अनर्थ बन सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘कई बार ऐसा होता है कि अंग्रेजी में आस्ट्रेलियाई संदेश अनुवाद में खो जाता है और हमारे पास भिन्न अर्थ के साथ पहुंचता है। यहां तक कि उनके कुछ मजाक समाचार बन जाते हैं। यह मामला भी ऐसा ही है और रिकी के साथ अपनी बातचीत का अगले सप्ताह मैं थोड़ा और खुलासा करूंगा।’’

पोंटिंग ने कहा था कि उनकी अश्विन के साथ इस मसले को लेकर कड़ी बातचीत होगी और वह उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से बल्लेबाजों को इस तरह से रन आउट करने की अनुमति नहीं देंगे क्योंकि यह खेल भावना के विपरीत है। अश्विन ने सोमवार को बल्लेबाज के गेंद करने से पहले क्रीज से आगे निकल जाने पर गेंदबाज को ‘फ्री बॉल’ देने का सुझाव दिया और इस तरह से उन्होंने साफ कर दिया कि बल्लेबाज को इस तरह से रन आउट करना गलत नहीं है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल