1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: जीत के क्रम को जारी रखना चाहेगा बेंगलोर

IPL: जीत के क्रम को जारी रखना चाहेगा बेंगलोर

 Written By: IANS
 Published : Apr 16, 2016 07:45 pm IST,  Updated : Apr 16, 2016 07:45 pm IST

बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में अपने पहले मैच में जीत हासिल करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की कोशिश अगले मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ विजयी क्रम को जारी रखने की

virat kohli- India TV Hindi
virat kohli

बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में अपने पहले मैच में जीत हासिल करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की कोशिश अगले मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ विजयी क्रम को जारी रखने की होगी। दोनों टीमें रविवार को एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने सामने होंगी।

बेंगलोर ने अपने पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। टीम की मजबूत बल्लेबाजी ने हैदराबाद के सामने 227 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जिसमें कप्तान विराट कोहली, अब्राहम डिविलियर्स के अलावा युवा बल्लेबाज सरफराज खान का अहम योगदान था।

परवेज रसूल और शेन वाटसन की गेंदबाजी की बदौलत बेंगलोर ने हैदराबाद को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया था। कोहली और डिविलियर्स की विराट पारियों के बाद सरफराज ने अंत में 10 गेंदों में 35 रन की अहम पारी खेली थी जिसके कारण टीम 227 का विशाल स्कोर खड़ा कर पाई थी।

बेंगलोर की बल्लेबाजी काफी संतुलित है। सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी क्रिस गेल और कोहली पर है। गेल हालांकि पहले मैच में कुछ खास नहीं कर पाए थे इसलिए वह दूसरे मैच में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक होंगे।

टीम की मजबूत सलामी जोड़ी के बाद डिविलियिर्स, वाटसन, सरफराज, केदार जाधव और रसूल जैसे खिलाड़ी होने से टीम की बल्लेबाजी काफी गहरी है।

दूसरी तरफ, दिल्ली की टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी। उसे अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने हराया था। दिल्ली ने हालांकि अपने दूसरे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को हराकर वापसी की है, लेकिन उसका प्रदर्शन उस स्तर का नहीं रहा है जैसा बेंगलोर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होना चाहिए।

टीम के कप्तान जहीर खान को यह पता होगा कि बेंगलोर के खिलाफ जीतने के लिए उन्हें अपने प्रदर्शन में और सुधार करने की जरूरत है।

पंजाब के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए मैच में दिल्ली के गेंदबाजों खासकर अमित मिश्रा ने खासा प्रभावित किया। उन्होंने अपने तीन ओवर में महज 11 रन देकर पंजाब के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। कप्तान जहीर खान ने भी वापसी करते हुए काफी किफायती गेंदबाजी की थी।

वहीं, दिल्ली की जीत में बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेल टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया था। उनके अलावा संजू सैमसन ने भी बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। इन दोनों के अलावा किसी और बल्लेबाज को पंजाब के खिलाफ ज्यादा बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था।

डी कॉक और सैमसन के अलावा टीम में ज्यां पॉल ड्यूमिनी, कार्लोस ब्राथवेट जैसे बल्लेबाज भी हैं जो किसी भी टीम के लिए परेशानी की सबब बन सकते हैं।

दोनों टीमों में लंबे शॉट खेलने वाले खिलाड़ी हैं जिसके कारण रविवार को होने वाले मैच में बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है।

टीमें :

दिल्ली डेयरडेविल्स : जहीर खान (कप्तान), अमित मिश्रा, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद समी, सौरभ तिवारी, शहबाज नदीम, मयंक अग्रवाल, जयंत यादव, ट्रेविस हेड, नाथन कल्टर-नाइल, इमरान ताहिर, जेपी ड्यूमिनी, एल्बी मोर्केल, क्विंटन डी कॉक, पवन नेगी, क्रिस मोरिस, संजू सैमसन, कार्लोस ब्रैथवेट, करुण नायर, ऋषभ पंत, जोएल पेरिस, सैम बिलिंग्स, चामा मिलिंद, प्रत्यूष सिंह, महीपाल लोमरोर, सईद खलील अहमद, अखिल हेरवाडकर, पवन सुयाल।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), शेन वाटसन, स्टुअर्ट बिन्नी, केन रिचर्डसन, सैमुएल बद्री, ट्रेविस हेड, प्रवीण दुबे, विक्रमजीत मलिक, इकबाल अब्दुल्ला, सचिन बेबी, अक्षय कारनेवार, विकास टोकस, के.एल. राहुल, परवेज रसूल, अबु नेचीम, हर्षल पटेल, एस.अरविन्द, वरुण एरॉन, युजवेन्द्र चहल, अब्राहम डिविलियर्स, डेविड वीज, एडम मिलने, क्रिस गेल।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।