नयी दिल्ली: डेविड मिलर को आख़िरकार ख़राब कप्तानी और टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की कीमत अपनी कप्तानी से चुकानी पड़ी। आईपीएल फ्रेंचाइजी किंग्स इलेवन पंजाब ने आज डेविड मिलर को हटाकर मुरली विजय को कप्तान नियुक्त किया। टीम ने एक बयान में कहा, किंग्स इलेवन पंजाब ने मुरली विजय को आईपीएल 2016 टूर्नामेंट के बचे हुए हिस्से के लिये अपना कप्तान घोषित किया। डेविड मिलर टीम का अहम हिस्सा रहेंगे और टीम के मजबूत खिलाड़ी हैं।
पंजाब टूर्नामेंट में छह में से पांच मैच हार चुकी है। उसने एकमात्र मैच दिल्ली के ख़िलाफ़ जीता है और उस मैच में भी मिलर ने सिर्फ़ 7 रन बनाए थे।
पंजाब की टीम कल राजकोट में तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात लायंस से भिड़ेगी और महज दो अंक से तालिका में निचले स्थान पर बनी हुई है। मिलर ने छह पारियों में महज 76 रन जुटाये हैं, हालांकि उनका स्ट्राइक रेट 129 है। वहीं दूसरी ओर विजय ने छह पारियों में अभी तक 143 रन जोड़े हैं।