1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सनराइजर्स हैदराबाद पर जीत की हैट्रिक बनाने उतरेगी कोलकाता नाइट राइडर्स

सनराइजर्स हैदराबाद पर जीत की हैट्रिक बनाने उतरेगी कोलकाता नाइट राइडर्स

 Written By: Bhasha
 Published : May 24, 2016 10:53 am IST,  Updated : May 24, 2016 10:53 am IST

नयी दिल्ली: अपने स्पिनरों के दमदार प्रदर्शन के बूते करो या मरो का मुकाबला जीतकर अंतिम चार में पहुंची दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स बुधवार को IPL एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलेगी

david warner, gautam gambhir- India TV Hindi
david warner, gautam gambhir

नयी दिल्ली: अपने स्पिनरों के दमदार प्रदर्शन के बूते करो या मरो का मुकाबला जीतकर अंतिम चार में पहुंची दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स बुधवार को IPL एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलेगी तो पिछले मैच में इसी प्रतिद्वंद्वी पर मिली धमाकेदार जीत से उसे मनोवैज्ञानिक बढत हासिल होगी। अंकतालिका में काफी समय शीर्ष पर रही सनराइजर्स हैदराबाद पिछले मैच में मिली 22 रन से हार के कारण तीसरे स्थान पर रही और उसे एलिमिनेटर खेलना पड़ रहा है। सनराइजर्स ने 14 मैचों में आठ जीत और छह हार के साथ 16 अंक हासिल किये लेकिन रायल चैलेंजर्स बेंगलूर से खराब रनरेट के कारण तीसरे स्थान पर रही। लीग चरण में केकेआर के खिलाफ दोनों मैचों में उसे पराजय झेलनी पड़ी । वहीं केकेआर को प्लेआफ में जगह बनाने के लिये पिछला मैच हर हालत में जीतना था और उसके ट्रंपकार्ड स्पिनर सुनील नारायण ने सही समय पर फार्म में लौटने के संकेत दिये । नारायण ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 26 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने 28 रन देकर दो विकेट चटकाये । दो बार केकेआर की खिताबी जीत के सूत्रधार रहे नारायण लीग चरण में आखिरी मैच को छोड़कर अपनी छाप नहीं छोड़ सके थे लेकिन अब उन्होंने लय हासिल कर ली है । दूसरी ओर लेग स्पिनर पीयूष चावला की जगह खेलने वाले यादव ने एक महीने बाद लीग में अपना दूसरा ही मैच खेलने के बावजूद निराश नहीं किया।

2012 और 2014 की चैम्पियन केकेआर के लिये बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान गौतम गंभीर, फार्म में लौटे बिग हिटर युसूफ पठान, राबिन उथप्पा और मनीष पांडे पर होगा । गंभीर ने अब तक 14 मैचों में 473 रन बनाये हैं जिसमें सनराइजर्स के खिलाफ पहले लीग मैच में बनाये नाबाद 90 रन शामिल हैं । वहीं शुरूआती चरण में लय हासिल करने के लिये जूझ रहे पठान भी 14 मैचों में 359 रन बना चुके हैं और लगभग क्वार्टर फाइनल रहे पिछले मैच में उन्होंने जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। पठान ने पिछले मैच में सिर्फ 34 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 52 रन बनाये जबकि पांडे ने 30 गेंद में 48 रन का योगदान दिया । केकेआर के स्टार हरफनमौला आंद्रे रसेल चोट के कारण नहीं खेल सके और अब देखना यह है कि कल के मैच में वह फिट होते हैं या नहीं । गेंदबाजी में नारायण और यादव ने मैच विनिंग प्रदर्शन किया जबकि तेज गेंदबाजों से गंभीर को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी । दूसरी ओर पिछले मैच में जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद टीम 149 रन पर ही आउट हो गई । उसे अपने स्टार बल्लेबाजों कप्तान डेविड वार्नर , शिखर धवन और युवराज सिंह से बेहतर पारियों की उम्मीद होगी । वार्नर 14 मैचों में 658 रन बनाकर विराट कोहली के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर है । वहीं धवन ने पिछले मैच में 30 गेंद में अर्धशतक बनाया और वह इस लय को कायम रखना चाहेंगे । चोट के कारण लीग चरण में सिर्फ सात मैच खेल सके युवराज ने अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं जमाया है और बड़े मैचों के खिलाड़ी माने जाने वाले इस स्टार हरफनमौला से टीम को पुराने तेवरों में लौटने की उम्मीद होगी।

सनराइजर्स के अच्छे प्रदर्शन की धुरी उसकी गेंदबाजी रही है । भुवनेश्वर कुमार 14 मैचों में 18 विकेट लेकर आरसीबी के युजवेंद्र चहल के बाद परपल कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर हैं । वहीं बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान 14 मैचों में 16 विकेट ले चुके हैं और केकेआर के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने 19वां ओवर फेंककर सिर्फ तीन रन दिये थे । बायें हाथ के युवा तेज गेंदबाज बरिंदर सरन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है ।

कोलकाता नाइट राइडर्स: गौतम गंभीर (कप्तान), राबिन उथप्पा, मनीष पांडे, सूर्यकुमार यादव, युसूफ पठान, शाकिब अल हसन, पीयूष चावला, सुनील नारायण, जासन होल्डर, मोर्नी मोर्कल, अंकित राजपूत, आंद्रे रसेल, क्रिस लिन, ब्राड हाग, कोलिन मुनरो, शान टैट, उमेश यादव, शेल्डन जैकसन, कुलदीप यादव, मनन शर्मा, राजागोपाल सतीश, जयदेव उनादकट ।

सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), शिखर धवन, युवराज सिंह, मोइजेस हेनरिक्स, ईयोन मोर्गन, दीपक हुड्डा, नमन ओझा, कर्ण शर्मा, मुस्तफिजुर रहमान, भुवनेश्वर कुमार, बरिंदर सरन, ट्रेंट बोल्ट, बेन कटिंग, केन विलियमसन, आशीष रेड्डी, रिकी भुई, बिपुल शर्मा, सिद्धार्थ कौल, अभिमन्यु मिथुन, विजय शंकर, टी सुमन, आदित्य तारे ।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।