1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: मुंबई के खिलाफ धोनी के गेंदबाजों को बनना होगा सुपरजाइंट्स

IPL: मुंबई के खिलाफ धोनी के गेंदबाजों को बनना होगा सुपरजाइंट्स

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 30, 2016 03:17 pm IST,  Updated : Apr 30, 2016 03:17 pm IST

पुणे: IPL में पांचवीं हार झेलने के बाद राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स का मनोबल गिरा हुआ है और धोनी के लिए चिंता का विषय है उनकी गेंदबाज़ी जो पिछले मैच में गुजरात के ख़िलाफ 195 का

Dhoni, Rohit Sharma- India TV Hindi
Dhoni, Rohit Sharma

पुणे: IPL में पांचवीं हार झेलने के बाद राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स का मनोबल गिरा हुआ है और धोनी के लिए चिंता का विषय है उनकी गेंदबाज़ी जो पिछले मैच में गुजरात के ख़िलाफ 195 का टोटल भी डिफ़ेंड नहीं कर सके। रविवार को पुणे को यहां गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस को अगर हराना है तो उसके बॉलर्स को सुपरजांट्स किलर बनना होगा तभी टीम का अभियान पटरी पर आ सकता है। मिडास टच वाले महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में पुणे की शुरूआत अच्छी नहीं रही है, उसने अभी तक सात में से पांच मैचों में शिकस्त का सामना किया है। आठ टीमों की तालिका में वह चार अंक लेकर छठे स्थान पर है जबकि कल के मैच में उनकी प्रतिद्वंद्वी टीम मुंबई इंडियंस आठ अंक से तीसरे स्थान पर है।

पुणे को अगर अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीद करनी है तो उसे जल्द ही लगातार जीत दर्ज करनी होगी। धोनी की टीम ने टूर्नामेंट के शुरूआती मैच में मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से पराजित किया था और यह परिणाम उसके लिये मनोबल बढ़ाने वाला होगा। लेकिन यह इतना आसान नहीं होगा और इसके लिये धोनी को ऐसा संतुलित गेंदबाजी संयोजन चुनने में कड़ी मशक्कत करनी होगी, जो उन्हें सकारात्मक परिणाम दे। अपने दो चोटिल खिलाडि़यों फाफ डु प्लेसिस और केविन पीटरसन अनुपस्थिति में अंजिक्य रहाणे, स्टीवन स्मिथ और धोनी की बल्लेबाज़ों ने अपनी ख्याति पर खरा उतरते हुए टीम के लिये अच्छा किया है। पुणे की बल्लेबाजी को आस्ट्रेलियाई उस्मान ख्वाजा के शामिल होने से मजबूत मिलेगी जो डु प्लेसिस की जगह टीम में शामिल हुए हैं।

रहाणे ने गुजरात लायंस के खिलाफ एक और अर्धशतक जड़ा लेकिन स्टीवन स्मिथ के महज 54 गेंद में 101 रन बनाने के बावजूद टीम कल हार गयी। इसलिये धोनी के लिये गेंदबाजी एक बड़ी चिंता है। कल तीन विकेट पर 195 रन का स्कोर खड़ा करने के बावजूद पुणे के गेंदबाज गुजरात लायंस के खिलाफ इस स्कोर का बचाव करने में असफल रहे और तीन विकेट से हार गये। एलबी मोर्कल, अशोक डिंडा, तिसारा परेरा और रविचंद्रन अश्विन सभी ने रन लुटाये। रजत भाटिया और युवा स्पिनर मुरूगन अश्विन ने कुछ लगाम लगायी लेकिन पुणे के लिये सबसे बड़ी समस्या अश्विन की खराब फार्म है। वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस पिछले दो मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ लगातार जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से भरी है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली गत चैम्पियन ने खराब शुरूआत के बाद एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अंक तालिका में शीर्ष चार में पहुंचने में सफल रही। बल्लेबाजी में रोहित ने खुद अपने कंधों पर जिम्मेदारी ली है और अम्बाती रायुडू के साथ मिलकर रन बनाए हैं। उधर हिटर किरोन पोलार्ड पिछले दो मैचों में मुंबई के लिये स्टार रहे हैं, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ पिछले मैच में छह विकेट की शानदार जीत में धुंआधार खेलते हुए महज 17 गेंद में नाबाद 51 रन बनाये। पर रोहित के लिये सबसे बड़ी चिंता सलामी साझेदारी और मध्यक्रम में जोस बटलर की फार्म होगी।

पंड्या बंधुओं में, विशेषकर क्रुणाल बल्ले और गेंद से मुंबई के लिये उपयोगी खिलाड़ी साबित हो रहे हैं। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड के टिम साउदी और मिशेल मैक्लेनघन की जोड़ी अच्छा काम कर रही है और मध्य के ओवरों में जसप्रीत बुमरा उनका बखूबी साथ निभा रहे हैं। अनुभवी आफ स्पिनर हरभजन सिंह ने भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है।

राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), अंजिक्य रहाणे, उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, मिशेल मार्श, जसकरण सिंह, रविचंद्रन अश्विन, अंकित शर्मा, एलबी मोर्कल, इरफान पठान, इशांत शर्मा, ईश्वर पांडे, तिसारा परेरा, सौरभ तिवारी, आर पी सिंह, रजत भाटिया, अंकुश बैंस, बाबा अपराजित, मुरूगन अश्विन, अशोक डिंडा, दीपक चाहर, स्कॉट बोलैंड, पीटर हैंड्सकोंब और एडम जम्पा।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पंड्या, जोस बटलर, मिशेल मैक्लेनघन, अम्बाती रायुडू, किरोन पोलार्ड, हरभजन सिंह, जगदीश सुचित, टिम साउदी, जसप्रीत बुमराह, श्रेयस गोपाल, आर विनय कुमार, कोरी एंडरसन, उन्मुक्त चंद, मर्चांट डि लांगे, सिद्धेश लैड, किशोर कामत, क्रुणाल पंड्या, दीपक पुनिया, नितिश राणा, जितेश शर्मा, नाथू सिंह, अक्षय वाखरे और मार्टिन गुप्टिल। मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल