नयी दिल्ली: दिल्ली डेयरडेविल्स के लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने आईपीएल नौ की लचर शुरूआत के बावजूद कहा कि उनकी टीम सकारात्मक है और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले मैच में सकारात्मक रवैया अपनाएगी। मिश्रा ने पत्रकारों से कहा, हम सकारात्मक रवैया अपनाएंगे। हमारी तैयारियां अच्छी है। हमने नेट्स पर कड़ी मेहनत की है। हम आश्वस्त हैं और अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। शुरू में हो सकता है कि कुछ मैच हमारे अनुकूल नहीं हों लेकिन हम आक्रामक रवैया अपनाएंगे।
उन्होंने कहा, इस टीम में कई अच्छे खिलाड़ी है। हमारे पास कार्लोस ब्रेथवेट जैसे कुछ बिग हिटर्स हैं और मध्यक्रम में संजू सैमसन हैं लेकिन हमारे मध्यक्रम को मजबूती देने और इकाई के तौर पर काम करने की जरूरत है। मिश्रा ने कहा, अब तक की पिचें बल्लेबाजों के लिये अनुकूल रही है और गेंदबाज होने के कारण आपको वैरायटी की जरूरत पड़ती है और यह सोचना पड़ता है कि बल्लेबाज हमें कैसा खेल रहा है और फिर उस हिसाब से गेंदबाजी करनी होती है।
मिश्रा से पूछा गया कि क्या वह आईपीएल के जरिये भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की कोशिश करैंगे, उन्होंने कहा, मैं खुद पर दबाव नहीं बनाना चाहता हूं। मैं आगे के मेचों पर ध्यान दे रहा हूं और इसको लेकर चिंतित नहीं हूं कि डेढ़ महीने के बाद क्या होगा। उन्होंने कहा, अभी मैं इस आईपीएल सत्र में विकेट लेने के मामले में शीर्ष दस गेंदबाजों में जगह बनाना चाहता हूं। दिल्ली ने पिछले दो वर्षों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और हम शीर्ष चार तक पहुंचना चाहते हैं। हम यहां दिल्ली से शुरूआत करना चाहते हैं।