कोलकता: टी20 विश्व कप के बाद IPL की शुरुआत मंद रही लेकिन अब इसका बुख़ार धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। लोग ऑफ़िस और घर के कामकाज से निपटकर शाम होते हुए स्टेडियम में पहुंच जाते हैं और अपनी टीमों की हौंसलाअफ़ज़ाई करते हैं। लेकिन बुधवार को कोलकता के ईडन गार्डंस में लोग तब हैरान रह गए जब उन्होंने देखा कि बिना टिकट लिए एक बंदर मैच देखने पहुंच गया।
बुधवार को यहां कोलकता नाइट राईडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच चल रहा था। मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच घर पर हारने के बाद कोलकता में KKR के ख़िलाफ़ जीत का सिलसिला शुरु करने को बेताब थी वहीं घरेलू टीम के हौंसले अपने पहले मैच में दिल्ली को हराकर, बुलंद थे। ज़ाहिर है ऐसे में स्टेडियम में रोमांच अपने पूरे शबाब पर था और लोग अपने हीरो की झलक देखने को बेक़रार थे लेकिन तभी एक बंदर ने दर्शक दार्घा में पहुंचकर इन हीरों को ज़ीरो बना दिया और सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया।
बहरहाल ये बंदर महाशय ज़्यादा देर अचानक मिले ग्लैमर को नहीं झेल पाए और सुरक्षाकर्मियों की मदद से स्येडियम के बाहर कर दिए गए।
कोलकता ने पहले बैटिंग करते हुए 187 का अच्छा ख़ासा स्कोर खड़ा कर दिया लेकिन मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा (84 नॉट आउट) और जोस बटलर (41) की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी के आगे शाहरुख़ ख़ान की टीम ने 19.1 ओवर में ही घुटने टेक दिए। मुंबई ये मैच 6 विकेट से जीत गई।