17 साल के अरमान जाफ़र क्रिकेट की घरेलु प्रतियोगिता अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफ़ी में अपने बल्ले से जौहर दिखा रहे हैं उससे लगता है कि शायद हमें जल्द ही एक और सचिन तेंदुलकर देखने को मिले।
अरमान भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज़ वसीम जाफ़र के भतीजे हैं। मुंबई से खेलने वाले अरमान मौजूदा अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफ़ी में लग़ातार तीन दोहरे शतक और चार शतक लगा चुके हैं। उन्होंने ये उपलब्धि पिछले मंगलवार को कर्नाटक के ख़िलाफ़ हासिल की है।
इस सीज़न में अरमान ने पांच मैचों में 223.75 की औसत से 895 रन बनाये हैं। वह कूच बिहार ट्रॉफी में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गये हैं। उन्होंने सबसे ज़्यादा छक्के भी लगाये हैं।
अरमान की शानदार बैटिंग की बदौलत मुंबई एलीट ग्रुप ए में टॉप पर है। उसे अपना आख़िरी चार दिवसीय ग्रुप मैच 19 दिसंबर से खेलना है।
अरमान ने त्रिपुरा के ख़िलाफ़ 174, मध्य प्रदेश के ख़िलाफ़ 224, उड़ीसा के ख़िलाफ़ 223 और कर्नाटक के ख़िलाफ़ अविजित 218 रन बनाये हैं। वह सिर्फ़ बडोडरा के ख़िलाफ ही तीन फिगर में स्कोर नहीं कर सके। इस मैच में उन्होंने 56 रन बनाये थे।
दाएं हाथ के बल्लेबाज़ अरमान को भारतीय घरेलु क्रिकेट में विलक्षण प्रतिभा का धनी माना जा रहा है। 2010 में उन्होंने रिज़वी स्प्रिंगफ़ील्ड स्कूल के लिये 498 रन बनाये थे जो भारतीय स्कूल स्तर पर एक रिकार्ड है। दिलचस्प बात ये है कि इसके पहले वसीम जाफ़र ने 403 रन बनाये थे।
वसीम जाफ़र ने भी घरेलु क्रिकेट में रनों का अंबार लगा दिया था लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह ये कामयाबी नहीं दोहरा पाए थे।