1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कामरान ने छोटे भाई उमर अकमल को सचिन और धोनी से सीख लेने की नसीहत दी

कामरान ने छोटे भाई उमर अकमल को सचिन और धोनी से सीख लेने की नसीहत दी

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 29, 2020 02:50 pm IST,  Updated : Apr 29, 2020 02:52 pm IST

कामरान अकमल ने अपने छोटे भाई को नसीहत देते हुए कहा है कि उमर को सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे भारतीय खिलाड़ियों से सीखना चाहिए कि मैदान के अंदर और बाहर किस तरह का आचरण किया जाए।

कामरान ने छोटे भाई उमर...- India TV Hindi
कामरान ने छोटे भाई उमर अकमल को सचिन और धोनी से सीख लेने की नसीहत दी Image Source : GETTY IMAGES

हाल ही में पाकिस्तान के क्रिकेटर उमर अकमल पर 3 साल के लिए बैन लगाया गया। उमर पर ये बैन सट्टेबाजों द्वारा फिक्सिंग के एक प्रस्ताव की जानकारी बोर्ड को न देने पर लगाया गया है। उन्हें यह प्रस्ताव पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के पांचवें सीजन के शुरू होने से पहले मिला था। उमर पर लगे इस बैन से उनके बड़े भाई कामरान अकमल भी काफी दुखी हैं और इसी को लेकर उन्होंने एक बड़ा बयान दिया है। 

कामरान अकमल ने अपने छोटे भाई को नसीहत देते हुए कहा है कि उमर को सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे भारतीय खिलाड़ियों से सीखना चाहिए कि  मैदान के अंदर और बाहर किस तरह का आचरण किया जाए। कामरान ने ‘काउ कार्नर क्रॉनिकल्स’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘मेरी उमर को सलाह है कि उसे सीख लेनी चाहिए। अगर उसने गलती की है तो उसे दूसरों से सीखना चाहिए। वह अभी युवा है। जिंदगी में कई विपरीत परिस्थितियां आती हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उसे विराट कोहली से जरूर सीख लेनी चाहिए। आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के शुरुआती दिनों में विराट अलग तरह का इंसान था और इसके बाद उसने अपना रवैया बदला। देखो वह कैसे विश्व का नंबर एक बल्लेबाज बना।’’

कामरान ने कहा कि उनका छोटा भाई तेंदुलकर और धोनी के व्यवहार से भी सीख ले सकता है जो हमेशा विवादों से दूर रहे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा खुद का बाबर आजम है जो अभी दुनिया के शीर्ष तीन बल्लेबाजों में शामिल है। दूसरा उदाहरण धोनी का है। देखिये कि किस तरह से उसने अपनी टीम की अगुवाई की। सचिन पाजी हैं जो हमेशा विवादों से दूर रहे। हमारे सामने ये शानदार उदाहरण हैं।’’

यह भी पढ़ें- बेन स्टोक्स ने इस साथी खिलाड़ी को करार दिया वनडे का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

कामरान ने कहा, ‘‘हमें उनके आचरण पर ध्यान देकर उनसे सीखना चाहिए। वे केवल खेल पर ध्यान देते हैं। मैदान के बाहर प्रशंसकों के साथ उनका व्यवहार बहुत अच्छा रहा है और वे खेल के शानदार दूत हैं। हम उनका अनुसरण करके फायदे में ही रहेंगे।’’

कामरान ने कहा कि उनके छोटे भाई को कड़ी सजा दी गयी जबकि इसी तरह के अपराध के लिये दूसरों को कम सजा दी गयी थी। कामरान ने इसके साथ ही उन घटनाओं को याद किया जब वह एशिया कप 2010 में डांबुला में गौतम गंभीर से और फिर 2012-13 में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान इशांत से भिड़ गये थे।

उन्होंने कहा, ‘‘यह गलतफहमी और उस समय मैदान के माहौल की वजह से हुआ। गौतम और मैं अच्छे दोस्त हैं क्योंकि हमने ‘ए’ क्रिकेट काफी खेली है। हम नियमित तौर पर मिलते हैं और साथ में भोजन करते हैं।’’ कामरान ने कहा, ‘‘यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैं नहीं समझ पाया कि उसने क्या कहा। बेंगलुरू में इशांत के साथ भी ऐसा ही हुआ। आप जानते हैं कि मैं मैदान पर ज्यादा बात नहीं करता। गौतम और इशांत दोनों बहुत अच्छे इंसान है। हम उनका सम्मान करते हैं और वे हमारा सम्मान करते हैं। मैदान पर जो कुछ हुआ वह वहीं तक सीमित है।’’

(With PTI Inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल