ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू हेडन एक हादसे का शिकार हो गए। हादसे में हेडन को गंभीर चोटें आई हैं। हेडन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो डाली है जिसमें उनकी चोटें साफ नजर आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने पोस्ट में हादसे की जानकारी देते हुए लोगों का आभार भी व्यक्त किया है। हेडन ने लिखा, 'मेरी हालत अब सुधर रही है और मैं अब बेहतर महसूस कर रहा हूं। इस हादसे में जिन लोगों ने मेरा साथ दिया, मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।' हेडन ने जो फोटो डाली है उसमें उनके गर्दन पर बेल्ट बंधी नजर आ रही है।
हेडन के साथ ये हादसा तब हुआ, जब वो अपने बेटे के साथ सर्फिंग कर रहे थे। सर्फिंग के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वो हादसे का शिकार हो गए। आपको ये भी बता दें कि हेडन के साथ इस तरह का हादसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी हेडन के साथ ऐसा हादसा हो चुका है और उसमें तो उनकी जान पर बन आई थी।
साल 2009 में हेडन अपने साथी खिलाड़ी एंड्र्यू सायमंड्स के साथ समंदर किनारे मछली पकड़ने गए थे और वहां वो हादसे का शिकार हो गए थे। उस हादसे में हेडन बाल-बाल बचे थे। हेडन ऑस्ट्रेलिया के सबसे महान खिलाड़ियों में शुमार किए जाते हैं। उन्होंने कंगारू टीम को अपनी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत कई मैच जिताए हैं।
हेडन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 103 टेस्ट मैचों में 50.73 की औसत से 8,625 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 30 शतक और 29 अर्धशतक निकले थे। हेडन का बेस्ट स्कोर 380 रन था। वहीं, 161 वनडे मैचों में उन्होंने 43.80 की औसत से 6,133 रन बनाए थे, जिसमें 10 शतक और 36 अर्धशतक शामिल थे।