गली क्रिकेट हम सबने खूब खेला है और हर किसी की टीम में एक खिलाड़ी ऐसा होता था जो आउट होने के बावजूद आउट नहीं मानता था। इस खिलाड़ी को हम अकसर 'रोंदू' या फिर 'चिटर खोर' के नाम से भी पुकारते हैं। ऐसा ही एक दोस्त धोनी का भी है। जी हां, सही पढ़ा।
हाल ही में धोनी ने अपने दोस्तों के साथ गली क्रिकेट खेलते हुए एक वीडियो शेयर की है जिसमें उनका एक दोस्त आउट होने के बावजूद आउट नहीं मान रहा था और ट्राइ बॉल जैसे बहाने बना रहा था।
धोनी को उस समय अपने स्कूल के दिनों की याद आ गई और उन्होंने अपना ये वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। धोनी ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा 'जब आपको पता हो अगले श्रण क्या होने वाला है और आप कैमरा निकालकर अगले 1 मिनट तक उसे शूट करो। खराब रोशनी के लिए माफी लेकिन आउट होने के बाद ट्राई बॉल और अंपायर का निर्णय आखिरी निर्णय होगा ऐसी वाक्य स्कूल के दिनों की याद दिला देते हैं। यह कभी नहीं मानता कि ऐसा हुआ है अगर हमारे पास ये वीडियो नहीं होता। हम सभी के सात कभी ना कभी ऐसा हुआ होगा।इंज्वॉय'
उल्लेखनीय है, पूर्व भारतीय कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी इस साल के नवंबर तक क्रिकेट से दूर ही रहेंगे। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, धोनी वेस्टइंडीज दौरे से भी बाहर थे और अब वह दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी सीमित ओवरों की सीरीज में भी नहीं खेल रहे हैं।
पूर्व कप्तान धोनी अब विजय हजारे ट्रॉफी और बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टी-20 घरेलू सीरीज से भी बाहर ही रहेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि धोनी अब दिसंबर में ही टीम चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। दिसंबर में भारत को वेस्टइंडीज का दौरा करना है, जहां उसे छह दिसंबर से तीन टी-20 और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है।
धोनी इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से भारतीय टीम में नजर नहीं आए हैं और अब नवंबर तक भी उपलब्ध नहीं रहने के कारण वह लगभग छह महीने क्रिकेट से दूर रहेंगे।
37 साल के धोनी को लेकर ऐसी खबरें तब आ रही है जब उनके संन्यास को लेकर अफवाहें उड़ रही है।