1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'बॉल टेम्परिंग' में दोषी पाए गए वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन पर लगा बैन

'बॉल टेम्परिंग' में दोषी पाए गए वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन पर लगा बैन

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 13, 2019 03:56 pm IST,  Updated : Nov 13, 2019 03:56 pm IST

पूरन अब वेस्टइंडीज की ओर से चार टी20 मैचों में नहीं खेल पाएंगे और उनके रिकार्ड में पांच डिमेरिट अंक जोड़े गए हैं।

Nicholas Pooran- India TV Hindi
Nicholas Pooran Image Source : GETTY IMAGE

दुबई। वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार करने के लिए बुधवार को चार मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया। पूरन इस अपराध के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग चुके हैं। 

पूरन अब वेस्टइंडीज की ओर से चार टी20 मैचों में नहीं खेल पाएंगे और उनके रिकार्ड में पांच डिमेरिट अंक जोड़े गए हैं। तीसरा एकदिवसीय मैच लखनऊ में सोमवार को खेला गया था। 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बयान में कहा, ‘‘खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ से जुड़ी आईसीसी आचार संहिता के लेवल तीन के उल्लंघन की बात स्वीकार करने के लिए निकोलस पूरण को चार निलंबन अंक दिए गए हैं।’’ 

आईसीसी ने कहा, ‘‘वीडियो फुटेज में दिखा था कि यह क्रिकेटर अंगूठे के नाखून से गेंद की सतह को खरोंच रहा था जिसके बाद पूरन पर संहिता के नियम 2.14 के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था जो गेंद की दशा बदलने से संबंधित है।’’ 

पूरन ने मंगलवार को अपराध स्वीकार कर लिया और साथ ही मैच रैफरी क्रिस ब्राड की सजा भी स्वीकार की। पूरन ने कहा, ‘‘मुझे पता चल गया है कि मैंने फैसला करने में बहुत बड़ी गलती की और मैं आईसीसी की सजा को पूरी तरह से स्वीकार करता हूं। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यह एकमात्र घटना है और यह दोहराई नहीं जाएगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लखनऊ में सोमवार को खेल के मैदान पर जो हुआ उसके लिए मैं टीम के अपने साथियों, समर्थकों और अफगानिस्तान की टीम से माफी मांगना चाहता हूं।’’ 

लेवल तीन के उल्लंघन पर कम से कम चार निलंबन अंक दिए जाते हैं जिससे खिलाड़ी के रिकार्ड में पांच डिमेरिट अंक जुड़ जाते हैं। खिलाड़ियों को इसके लिए दो टेस्ट मैच या चार एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय/टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से प्रतिबंधित किया जाता है। अधिकतम सजा 12 निलंबन अंक की है जो छह डिमेरिट अंक के बराबर है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल