कराची: टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अनिश्चितता आज खत्म हो सकती है चूंकि राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को भारत जाने के लिये सरकार से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष शहरयार खान ने प्रेस ट्रस्ट को बताया कि आईसीसी और बीसीसीआई से सुरक्षा को लेकर मिले आश्वासन के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेज दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘हमने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बारे में भी मंत्रालय को बता दिया है।’ शहरयार ने कहा कि मंत्रालय कुछ घंटे में इस पर अंतिम फैसला लेगा। भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त ने भी उसे सुरक्षा हालात और इंतजामात से वाकिफ कराया है।
उन्होंने कहा कि भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह से पाकिस्तानी टीम को पूरी सुरक्षा मिलने का आश्वासन सकारात्मक संकेत है। मंत्रालय ने कहा था कि जब तक भारत सरकार सुरक्षा को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देती, पाकिस्तानी टीम की रवानगी को मंजूरी नहीं मिलेगी।
एक सूत्र ने बताया कि पीसीबी का लाजिस्टिक विभाग इस शाम या रात तक टीम को दिल्ली या कोलकाता फ्लाइट से भेजने की तैयारी कर रहा है। लाहौर और कराची में मौजूद पुरूष और महिला टीम को रवानगी के लिये तैयार रहने को कहा गया है।