1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WC 2019 में खेलने के पड़े लाले, पाक की हुई सबसे कम ICC रैंकिंग

WC 2019 में खेलने के पड़े लाले, पाक की हुई सबसे कम ICC रैंकिंग

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 05, 2016 01:15 pm IST,  Updated : Sep 05, 2016 01:15 pm IST

दुबई: पाकिस्तान की विश्व कप के लिये स्वत: क्वालीफाई करने की उम्मीदों को तब करारा झटका जब वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 1-4 से हारने के कारण अपनी

Azhar Ali- India TV Hindi
Azhar Ali

 

दुबई: पाकिस्तान की विश्व कप के लिये स्वत: क्वालीफाई करने की उम्मीदों को तब करारा झटका जब वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 1-4 से हारने के कारण अपनी सबसे कम रेटिंग 86 पर पहुंच गया। पांचवें और अंतिम वनडे में चार विकेट से जीत दर्ज करने के बावजूद पाकिस्तान पर विश्व कप 2019 के लिये स्वत: क्वालीफाई करने में नाकाम रहने का खतरा मंडरा रहा है क्योंकि वह अब वह आठवें नंबर पर काबिज वेस्टइंडीज से आठ अंक पीछे है। वेस्टइंडीज आईसीसी रैकिंग में आठवें और पाकिस्तान नौवें स्थान पर है।

पाकिस्तान के श्रृंखला के शुरू में 87 अंक थे और 2001 में वर्तमान रैकिंग प्रणाली शुरू होने के बाद वह अब अपने सबसे कम अंकों पर है। पाकिस्तान को अब वेस्टइंडीज और आस्ट्रेलिया से वनडे श्रृंखलाएं खेलनी हैं और उसे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के लिये स्वत: क्वालीफाई करने के लिये काफी मशक्कत करनी होगी। आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने क्रमश: श्रीलंका और पाकिस्तान पर 4-1 के समान अंतर से जीत दर्ज करके आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति में सुधार किया है। पल्लेकल में श्रीलंका पर पांच विकेट से जीत दर्ज करने वाले आस्ट्रेलिया के अब 123 के बजाय 124 अंक हो गये हैं और वह दूसरे नंबर पर काबिज न्यूजीलैंड से 11 अंक आगे हो गया है।

श्रीलंका ने अपना छठा स्थान बरकरार रखा है लेकिन उसके अब 101 अंक ही रह गये हैं। श्रीलंका के एक अंक कम होने से बांग्लादेश उसके करीब पहुंच गया है। वह अपने इस एशियाई प्रतिद्वंद्वी से केवल तीन अंक पीछे है। बांग्लादेश को अभी अफगानिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ तीन-तीन वनडे मैचों की श्रृंखलाएं खेलनी हैं। यदि बांग्लादेश अफगानिस्तान के खिलाफ सभी तीनों मैच जीत लेता है और इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला जीतने में सफल रहता है तो वह अपनी सर्वश्रेष्ठ छठे रैंकिंग पर पहुंच जाएगा। वह अभी सातवें स्थान पर है।

इस बीच इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर प्रभावशाली जीत से अन्य देशों को अगले साल होने वाली आईसीसी चैंपियन्स ट्राफी से पहले कड़े संकेत दे दिये हैं। इंग्लैंड की निगाहें अब 50 ओवरों का अपना पहला आईसीसी खिताब जीतने पर टिकी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में जीत से इंग्लैंड के 106 के बजाय 107 अंक हो गये हैं और वह पांचवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड अब भारत और दक्षिण अफ्रीका से तीन अंक पीछे है। इन दोनों के समान 110 अंक हैं लेकन दशमलव में गणना पर भारत तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड और आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग में 30 सितंबर 2017 तक शीर्ष पर रहने वाली सात टीमें विश्व कप 2019 के लिये सीधे क्वालीफाई करेंगी जबकि बाकी दो टीमों को दस टीमों के आईसीसी क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर 2018 में खेलना होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल