कराची: इंग्लैंड के हाथों वनडे और टी20 श्रृंखला में मिली हार से स्तब्ध पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने मुख्य कोच वकार युनूस और उनके सहयोगी स्टाफ को तलब किया है । पाकिस्तान वनडे श्रृंखला 1-3 से और टी20 श्रृंखला 0-3 से हार गया था जिससे आईसीसी टी20 रैंकिंग में दूसरे से छठे स्थान पर खिसक गया । वनडे रैंकिंग में टीम नौवें स्थान पर है ।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि यह बैठक शुक्रवार को लाहौर में होगी जिसमें टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की जायेगी । उन्होंने कहा , बैठक की अध्यक्षता बोर्ड प्रमुख शहरयार खान करेंगे । इसमें नजम सेठी और मुख्य संचालन अधिकारी सुभान अहमद भी मौजूद होंगे । वकार, सहायक कोच मुश्ताक अहमद और मुख्य चयनकर्ता हारून रशीद को भी बुलाया गया है ।
सूत्र के अनुसार बैठक हारून के अनुरोध पर बुलाई गई है जो टीम प्रबंधन के प्रयोगों से खुश नहीं थे । वकार आम तौर पर श्रृंखला के बाद अपने परिवार के साथ समय बिताने सिडनी चले जाते हैं लेकिन इस बार वह लाहौर आयेंगे ।