1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोमांचक मोड़ पर पहुंचा रणजी ट्रॉफी फाइनल मुकाबला

रोमांचक मोड़ पर पहुंचा रणजी ट्रॉफी फाइनल मुकाबला

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Dec 30, 2017 05:45 pm IST,  Updated : Dec 30, 2017 05:45 pm IST

अनुभवी बल्लेबाज वसीम जाफर ने दूसरे दिन शानदार अर्धशतक लगाया।

विदर्भ टीम- India TV Hindi
विदर्भ टीम

तेज गेंदबाज रजनीश गुरबाणी की हैट्रिक के बाद वसीम जाफर ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए नाबाद अर्धशतक लगाकर दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्रॉफी फाइनल में दूसरे दिन विदर्भ को चार विकेट पर 206 रन तक पहुंचा दिया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक जाफर 120 गेंदों में 61 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि अक्षय वखारे बिना खाता खोले क्रीज पर टिके हैं। विदर्भ अभी भी पहली पारी में दिल्ली के स्कोर से 89 रन से पीछे है। 

तीसरे दिन दिल्ली के गेंदबाजों पर पकड़ बनाने का दबाव होगा और उनका प्रदर्शन निर्णायक साबित हो सकता है। पहले दिन के स्कोर छह विकेट पर 271 रन से आगे खेलते हुए दिल्ली के निचले क्रम के बल्लेबाज गुरबाणी का सामना नहीं कर सके। उन्होंने सात बार की विजेता दिल्ली के तीन गेंदबाजों को लगातार तीन गेंदों पर आउट किया जिनमें शतकवीर ध्रुव शोरे शामिल थे। वो रणजी ट्रॉफी फाइनल में हैट्रिक बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। तमिलनाडु के बी कल्याणसुंदरम ने 1972 . 73 में मुंबई के खिलाफ ये कारनामा किया था। 

दिल्ली ने अपने आखिरी चार विकेट पांच रन के भीतर गंवा दिए। गुरबाणी ने विकास मिश्रा, नवदीप सैनी और शोरे को लगातार तीन गेंदों पर आउट किया । शोरे ने अपनी पारी में 21 चौके लगाये। विदर्भ ने लंच तक बिना किसी नुकसान के 45 रन बना लिए थे। इस सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले कप्तान फैज फजल (67) और संजय रामास्वामी (31) ने 51 रन की साझेदारी की। आकाश सूदन ने रामास्वामी को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद जाफर क्रीज पर आए। 

सूदन ने फजल को आउट करके विदर्भ को दूसरा झटका दिया। फजल ने अपनी 101 गेंद की पारी में 10 चौके लगाए। दो विकेट लेने के बाद दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज नवदीप सैनी को गेंद सौंपी जिसका फायदा भी मिला। कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में अर्धशतक जमाने वाले अनुभवी गणेश सतीश (12) को सैनी ने पगबाधा आउट किया। आखिर में कुलवंत केजरोलिया ने अपूर्व वानखेड़े को विकेट के पीछे पंत के हाथों लपकवाया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल