1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ईशांत शर्मा-रविंद्र जडेजा के झगड़े ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, शमी और कुलदीप यादव ने किया बीच-बचाव

ईशांत शर्मा-रविंद्र जडेजा के झगड़े ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, शमी और कुलदीप यादव ने किया बीच-बचाव

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Dec 18, 2018 12:17 pm IST,  Updated : Dec 18, 2018 02:54 pm IST

भारतीय टीम की हार के बाद एक और वीडियो ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है, वीडियो में रविंद्र जडेजा और ईशांत शर्मा एक-दूसरे से उलझते नजर आ रहे हैं।

Ravindra Jadeja and Ishant Sharma- India TV Hindi
Ravindra Jadeja and Ishant Sharma Image Source : SCREENGRAB/@7CRICKET

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया की हार ने हर किसी का दिल तोड़ा ही था कि एक और वीडियो ने टीम इंडिया के साथ-साथ फैंस को भी परेशानी में डाल दिया है। इस वीडियो में टीम इंडिया के दो स्टार खिलाड़ी ईशांत शर्मा और रविंद्र जडेजा के बीच बहस होती दिख रही है। दोनों के बीच लंबी बहस होती है और हालात इतने खराब हो जाते हैं कि दोनों एक-दूसरे से गुथने के लिए भी तैयार होते नजर आने लगते हैं हालांकि टीम के दूसरे खिलाड़ी मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव दोनों को अलग-अलग करते हैं।

7 क्रिकेट में घटना का पूरा वीडियो डाला गया है। वीडियो में कमेंटेटर भी दोनों के बीच की बहस पर चर्चा कर रहे हैं। वीडियो के मुताबिक जब ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी लड़खड़ा रही थी और खेल के दूसरे सेशन में भारत हावी नजर आ रहा था तभी ड्रिंक्स के दौरान ईशांत शर्मा और रविंद्र जडेजा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। दोनों खिलाड़ियों के बीच लगभग 90 सेकेंड तक बहस चलती रही।

इस दौरान दोनों एक-दूसरे से खासा नाराज और गुस्से में नजर आ रहे थे। दोनों इशारों से बातचीत कर रहे थे और दोनों खिलाड़ियों की शारीरिक भाषा से साफ लग रहा था कि दोनों किसी बात लेकर उलझ रहे हैं। दोनों एक-दूसरे की तरफ उंगली भी दिखा रहे थे और उलझते दिख रहे थे।

हालांकि कई बार दोनों अलग होते भी दिखे लेकिन एक-दूसरे से बहस करते रहे। वीडियो के आखिर में दोनों गुस्से में एक-दूसरे की तरफ बढ़ते दिखते हैं और लगने लगता है कि इस बार दोनों के बीच हाथापाई भी हो सकती है। तभी साथी खिलाड़ी मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव आते हैं और दोनों को अलग-अलग करते हैं।

इस पूरे वीडियो पर कमेंटेटर जमकर चुटकी लेते दिखे और कमेंटेटर्स भारतीय खिलाड़ियों के इस झगड़े का लुत्फ उठाते नजर आए। हालांकि अभी तक ये पता नहीं लग पाया है कि आखिर दोनों किस बात पर उलझ पड़े थे और झगड़े की क्या वजह थी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल