रोहित शर्मा की धुआंधार बल्लेबाजी ने एक नई बहस छेड़ दी है। दरअसल, टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल ने रोहित शर्मा को विराट कोहली से भी बड़ा बल्लेबाज बता दिया। पाटिल ने बड़ा बयान देते हुए कहा, 'हो सकता है कि विराट कोहली के प्रशंसकों को ये न लगे लेकिन मेरा मानना है कि सीमित ओवरों के खेल में रोहित शर्मा कोहली से भी शानदार खिलाड़ी हैं। हालांकि विराट कोहली की काबिलियत पर किसी को शक नहीं है लेकिन मेरा मानना है कि वो टेस्ट क्रिकेट में शानदार हैं। बात अगर वनडे या फिर टी20 की हो तो रोहित उनसे काफी अच्छे हैं।'
पाटिल ने आगे कहा, 'मुझे इस बात की पूरी उम्मीद है कि विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका में जमकर रन बनाएंगे और उनका बल्ला जमकर हल्ला बोलेगा। लेकिन अगर इस साल वनडे क्रिकेट की बात करें तो रोहित शर्मा अविश्वसनीय रहे हैं। भले ही इसके पीछे लोग ये कहें कि उन्होंने ज्यादातर मैच श्रीलंका के खिलाफ खेले हैं लेकिन उन्होंने बतौर कप्तान और खिलाड़ी खुद को साबित किया है।' अब आपको लग रहा होगा कि आखिर इस बहस की शुरुआत ही क्यों हुई? तो आइए आपको बताते हैं इसके पीछे की वजह।
साल 2017 में रोहित रहे सुपरहिट: भले ही साल 2017 में विराट कोहली दुनिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। लेकिन उन्होंने दूसरे नंबर पर मौजूद रोहित शर्मा से 5 मैच ज्यादा खेले। कोहली ने इस साल 26 मैचों में 76.84 के औसत से 1,460 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 7 अर्धशतक भी निकले। वहीं दूसरी तरफ रोहित ने 21 मैचों में 71.83 के औसत से 1,293 रन बनाए हैं। रोहित के बल्ले से 6 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। रोहित ने इस दौरान एक दोहरा शतक भी लगाया है।