कोरोना महामारी के कारण सभी प्रकार की खेल गतिविधियाँ बंद पड़ी हुई हैं। जिसके चलते सभी खिलाड़ी अपना पूरा समय घर पर लॉकडाउन के कारण बिता रहे हैं। ऐसे में जहां भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ पहली बार इतना समय एक साथ बिताने पर उनकी तारीफ की थी। उसके बाद इस कड़ी में रोहित शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। रोहित ने भी अब पूरा समय अपनी पत्नी रितिका सजदेह के साथ रहने के कारण उनके लिए एक इमोशनल संदेश लिखा है। जिसमे उन्होंने लिखा कि पहली बार हम इतने समय से साथ है और ये चीज शायद हम काफी पहले से मिस कर रहे थे।
रोहित ने इंस्टाग्राम पर रितिका के साथ एक फोटो पोस्ट कर लिखा है, "जैसे कहा जाता है, सीखना कभी बंद नहीं होता। मैं इस समय का शुक्रगुजार हूं कि इस समय हम एक दूसरे के बारे में और ज्यादा समझ और सीख सके। इस समय ने मुझे बताया है कि हमने तब क्या मिस किया जब हम एक साथ नहीं थे।"
इतना ही नहीं रोहित ने सोशल मीडिया पर युवराज सिंह द्वारा दिए गए चैलेंज को भी कबूल किया और कोविड-19 के दौरान घर में ही रहने की बात को माना। युवराज ने सचिन तेंदुलकर, रोहित और हरभजन सिंह को ट्विटर चैलेंज दिया था कि वह बल्ले के साइड से गेंद को मारें।
रोहित ने ऐसा करते हुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। रोहित ने इसके बाद ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और अजिंक्य रहाणे को यह चैलेंज दिया।
यह भी पढ़ें- नासिर हुसैन ने जब 2002 नेटवेस्ट सीरीज के दौरान कैफ को कहा था 'बस ड्राइवर', मिला था ये करारा जवाब
वहीं दूसरी तरफ भारत में कोरोना वायरस के मामले 80 हजार के पार जाने के चलते बीसीसीआई ने 29 मार्च से शुरू होने वाली दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल को पहले 15 अप्रैल तक और अब अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है। जबकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड इस साल के अंत में टी20 विश्वकप की मेजबानी को लेकर प्रयासरत है। ऐसे में अन्तराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी कब होती है इसका सभी को बेसब्री से इंतज़ार है।