लंदन: इंग्लैंड ने आज पाकिस्तान के खिलाफ संयुक्त अरब अमीरात में होने वाली श्रृंखला के लिये चोटिल स्पिनर जफर अंसारी के स्थान आलराउंडर समित पटेल को अपनी टेस्ट टीम में शामिल किया।
सर्रे की तरफ से खेलने वाले बायें हाथ के स्पिनर अंसारी लंकाशर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप के मैच के दौरान चोटिल हो गये थे। उनके बायें हाथ के अंगूठे में चोट लगी है और चिकित्सकों की सलाह के बाद उन्हें दौरे के लिये फिट नहीं पाया गया।
पटेल ने इंग्लैंड के लिये पांच टेस्ट मैच खेले हैं। वह 2012 में भारत में श्रृंखला जीतने वाली टीम के सदस्य थे। इसके अलावा उन्होंने उसी वर्ष श्रीलंका का दौरा भी किया था। उन्होंने हालांकि अपना आखिरी टेस्ट मैच 2012 में भारत के खिलाफ ही कोलकाता में खेला था।
इंग्लैंड यूएई के दौरे में पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट, चार एकदिवसीय और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा।
टीम:
एलिस्टेयर कुक (कप्तान), मोइन अली, जेम्स एंडरसन, जोनी बेयरस्टा, इयान बेल, स्टुअर्ट ब्राड, जोस बटलर, स्टीवन फिन, एलेक्स हेल्स, समित पटेल, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जो रूट, बेन स्टोक्स, जेम्स टेलर और मार्क वुड।