मुंबई: सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले का सम्मान करते हुए मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष और वरिष्ठ राजनेता शरद पवार ने रविवार को छह महीने के भीतर एमसीए अध्यक्ष पद छोड़ने की घोषणा की। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रह चुके 75 वर्षीय शरद पवार को दुनिया के श्रेष्ठ खेल प्रशासकों में शुमार किया जाता रहा है।
हालांकि शरद पवार ने कहा कि एमसीए को सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर अमल करने के लिए छह महीने का समय चाहिए। पवार ने कहा, "हमने पूर्व प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आर. एम. लोढ़ा समिति की सिफारिशों और सर्वोच्च न्यायालय फैसले पर चर्चा की और सर्वसम्मति से सभी सिफारिशों को मंजूरी दे दी।"