1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमान गिल की धमाकेदार पारी के दम पर देवधर ट्राफी के फाइनल में पहुंची इंडिया सी

शुभमान गिल की धमाकेदार पारी के दम पर देवधर ट्राफी के फाइनल में पहुंची इंडिया सी

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 25, 2018 06:08 pm IST,  Updated : Oct 25, 2018 06:08 pm IST

शुभमान गिल ने सही समय पर शतक जड़कर भारत सी को बृहस्पतिवार को यहां भारत ए पर छह विकेट से जीत दिलाकर देवधर ट्राफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचाया।

शुबमन गिल- India TV Hindi
शुबमन गिल Image Source : PTI

नई दिल्ली। शुभमान गिल ने सही समय पर शतक जड़कर भारत सी को बृहस्पतिवार को यहां भारत ए पर छह विकेट से जीत दिलाकर देवधर ट्राफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचाया। अंडर-19 स्टार गिल ने तीन चयनकर्ताओं की मौजूदगी में 111 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाकर दिखाया कि आखिर उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला सितारा क्यों कहा जा रहा है। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाये। 

भारत सी के सामने 294 रन का लक्ष्य था लेकिन उसने तीन विकेट 85 रन पर गंवा दिये। ऐसे समय में गिल ने पारी संवारी। उन्हें इशान किशन (60 गेंदों पर 69 रन) और सूर्यकुमार कुमार यादव (36 गेंदों पर नाबाद 56) का अच्छा सहयोग मिला जिससे भारत सी 47 ओवर में चार विकेट पर 296 रन बनाकर शनिवार को होने वाले फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा। 

गिल की यह विशेष पारी केदार जाधव की अपने वापसी मैच में धुआंधार पारी के बाद देखने को मिली। जाधव ने डेथ ओवरों में 25 गेंदों पर 41 रन बनाकर भारत ए का स्कोर छह विकेट पर 293 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी। भारत ए को शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अभिमन्यु ईश्वरन (103 गेंदों पर 69 रन), अनमोलप्रीत सिंह (56 गेंदों पर 59) और नितीश राणा (76 गेंदों पर 68 रन) ने अर्धशतक जड़कर अच्छी शुरुआत दिलायी थी। लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं था लेकिन गिल ने किशन के साथ 121 और सूर्यकुमार के साथ 90 रन की अटूट साझेदारी करके भारत सी को यादगार जीत दिलायी। उन्होंने पंजाब के अपने साथी सिद्धार्थ कौल के ओवर में शतक जमाया और फिर इसी ओवर में विजयी चौका लगाया। 

रविचंद्रन अश्विन, कौल, धवल कुलकर्णी और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों के सामने गिल को रन बनाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। गिल ने अपने तीन में से एक छक्का अश्विन पर लगाया। भारत सी के कप्तान अंजिक्य रहाणे (25 गेंदों पर 14 रन) फिर से नहीं चल पाये। अभिनव मुकुंद ने 40 गेंदों पर 37 रन बनाये। 

इससे पहले जाधव ने महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्हें मासंपेशियों में खिंचाव के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिये टीम में नहीं चुना गया है। भारत ए ने टास जीतकर ठोस शुरुआत की। ईश्वरन और अनमोलप्रीत ने पहले विकेट के लिये 99 रन जोड़े। पृथ्वी साव चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेले। उनके स्थान पर अंतिम एकादश में जगह बनाने वाले ईश्वरन ने धीमी बल्लेबाजी की। ईश्वरन ने राणा के साथ भी 76 रन की साझेदारी की। कप्तान दिनेश कार्तिक (23 गेंदों पर 32 रन) लंबे समय तक नहीं टिक पाये। भारत ए का स्कोर 40 ओवर के बाद तीन विकेट पर 201 रन था। जाधव ने यहीं से तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल