1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कभी-कभी लगता ही नहीं कि कोहली इंसान है: तमीम इकबाल

कभी-कभी लगता ही नहीं कि कोहली इंसान है: तमीम इकबाल

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 23, 2018 06:06 pm IST,  Updated : Oct 23, 2018 06:06 pm IST

विराट कोहली की बल्लेबाजी के कायल बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने मंगलवार को कहा कि कभी-कभी लगता ही नहीं कि भारतीय कप्तान इंसान हैं।

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली की बल्लेबाजी के कायल बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने मंगलवार को कहा कि कभी-कभी लगता ही नहीं कि भारतीय कप्तान इंसान हैं। Image Source : AP

दुबई। विराट कोहली की बल्लेबाजी के कायल बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने मंगलवार को कहा कि कभी-कभी लगता ही नहीं कि भारतीय कप्तान इंसान हैं। यहां ‘खलीज टाइम्स’ ने इकबाल के हवाले से कहा, ‘‘कभी-कभी मुझे लगता है कि वह इंसान नहीं है, ऐसा उसके प्रदर्शन के तरीके के कारण है। जैसे ही वह बल्लेबाजी के लिए उतरता है तो लगता है कि वह प्रत्येक मैच में शतक बनाएगा।’’

 
उन्होंने कहा, ‘‘वह जिस तरह खुद को फिट रखता है, जिस तरह अपने खेल पर काम करता है, वह अविश्वसनीय है। वह संभवत: तीनों प्रारूपों में नंबर एक है। वह ऐसा व्यक्ति है जिसे देखकर सराहा जा सकता है और उससे सीखा जा सकता है। मुझे लगता है कि वह शानदार है।’’
 
कोहली टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं और सबसे कम पारियों में 10000 वनडे रन पूरे करने से सिर्फ 81 रन दूर हैं। यह रिकॉर्ड फिलहाल महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 259 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी जबकि कोहली ने अब तक 204 पारियां खेली हैं। 

तमीम ने कहा, ‘‘पिछले 12 साल में खेलने वाले मैंने सभी महान खिलाड़ियों को देखा है। उनके अपने मजबूत पक्ष हैं लेकिन मैंने ऐसा व्यक्ति नहीं देखा जिसने विराट जैसा दबदबा बनाया हो।’’
 
तमीम ने पिछले महीने एशिया कप के दौरान काफी वाहवाही बटोरी थी जब वह कलाई के फ्रैक्चर के बावजूद बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल