1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कॉफी विद करन विवाद: हार्दिक पंड्या और के एल राहुल को लेकर अब सौरव गांगुली ने दे दिया बड़ा बयान

कॉफी विद करन विवाद: हार्दिक पंड्या और के एल राहुल को लेकर अब सौरव गांगुली ने दे दिया बड़ा बयान

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 17, 2019 04:30 pm IST,  Updated : Jan 17, 2019 04:30 pm IST

पंड्या और राहुल को इस निलंबन के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही मौजूदा वनडे सीरीज के बीच में ही लौटना पड़ा।

सौरव गांगुली - India TV Hindi
सौरव गांगुली  Image Source : PTI

मुंबई: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल की महिला विरोधी टिप्पणी पर चल रहे विवाद पर कहा कि ‘हमें आगे बढ़ जाना चाहिए’ क्योंकि उन्हें भरोसा है कि ये दोनों इससे सीख लेंगे और बेहतर इंसान बनेंगे। गांगुली ने कहा कि उन्होंने ‘कॉफी विद करण’ का एपिसोड नहीं देखा जिसमें पंड्या और राहुल की महिला विरोधी टिप्पणियों के कारण उन पर अस्थायी निलंबन लगा। लेकिन उन्होंने इन दोनों से सहानुभूति भी जतायी। 

गांगुली ने विवाद के बारे में कहा, ‘‘लोग गलतियां करते हैं, हमें ज्यादा आगे नहीं बढ़ना चाहिए। मुझे भरोसा है कि जिसने भी यह किया है, वो इसे महसूस करेगा और बेहतर इंसान बनेगा। हम इंसान हैं, मशीन नहीं कि हम हमेशा परफेक्ट रहेंगे। हमें आगे बढ़ जाना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसा दोबारा नहीं हो।’’ 

पंड्या और राहुल को इस निलंबन के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही मौजूदा वनडे सीरीज के बीच में ही लौटना पड़ा और भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कई महिलाओं के साथ संबंधों के बयान को अनुचित करार किया था। 

बीसीसीआई ने तब से दो बार उन्हें कारण बताओ नोटिस भेज दिया और उनकी जांच भी शुरू करा दी। गांगुली ने कहा कि ज्यादातर क्रिकेटर ‘अच्छे व्यक्ति’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे (क्रिकेटर) काफी नम्र होते हैं, कभी कभार एक या दो गलतियां हो जाती हैं लेकिन मैं ज्यादातर को व्यक्तिगत रूप से जानता हूं और वे महान खिलाड़ी हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘विराट कोहली को देखिये, वह इतना बेहतरीन आदर्श है। भारत इतना भाग्यशाली देश है कि हर पीढ़ी ऐसे खिलाड़ी पैदा करती है जिन्हें हम सभी पंसद करते हैं जिसमें सुनील गावस्कर, फिर सचिन तेंदुलकर। जब तेंदुलकर गये तो लोगों ने सोचा कि अब कौन होगा, लेकिन अब विराट कोहली आ गया है। ’’ 

गांगुली ने कहा, ‘‘इनमें से काफी क्रिकेटर शानदार इंसान हैं क्योंकि वे मिडिल क्लास से आते हैं और वे काफी मुश्किलात के बाद यहां तक पहुंचते हैं। आप सोच सकते हो कि यह खेल लाखों खेलते हैं लेकिन इनमें से चयन सिर्फ 11 का ही होता है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल