1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन के खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेलेगी श्रीलंका, मैथ्यूज पर होंगी नजरें

बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन के खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेलेगी श्रीलंका, मैथ्यूज पर होंगी नजरें

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Nov 10, 2017 05:48 pm IST,  Updated : Nov 10, 2017 05:48 pm IST

भारत के खिलाफ टेस्ट सिरीज़ की शुरुआत से पहले खेले जाने वाले अभ्यास मैच में श्रीलंका की टीम अपनी तैयारियों को मजबूत करने की कोशिश करेगी।

Angelo Mathews- India TV Hindi
Angelo Mathews

कोलकाता: भारत के खिलाफ टेस्ट सिरीज़ की शुरुआत से पहले खेले जाने वाले अभ्यास मैच में श्रीलंका की टीम अपनी तैयारियों को मजबूत करने की कोशिश करेगी। श्रीलंका और भारतीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश के बीच शनिवार को जाधवपुर विश्वविद्यालय के दूसरे परिसर में दो दिवसीय अभ्यास मैच खेला जाएगा।

दिनेश चंडीमल की कप्तानी वाली श्रीलंका टीम को अगर भारत के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में जीत हासिल करनी है, तो उसे पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरना होगा। उल्लेखनीय है कि इसी साल अगस्त में तीनो प्रारूपों में खेले गए मैचों में भारत ने श्रीलंका को 9-0 से करारी मात दी थी।

इसके अलावा, पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई सीरीज से जहां श्रीलंका को जीत की खुशी मिली है, वहीं उसे नुकसान भी हुआ है। उसके शीर्ष स्तरीय बल्लेबाज कुसल मेंडिस, तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप और सलामी बल्लेबाज कौशल सिल्वा चोटिल हैं। ऐसा माना जा रहा है कि भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सिरीज़ में प्रदीप श्रीलंका टीम में वापसी कर सकते हैं। इस सिरीज़ में सभी की निगाहें एंजेलो मैथ्यूज पर होंगी, जो श्रीलंका की टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। मैथ्यूज ने काफी समय तक अभ्यास किया।

भारत के बोर्ड अध्यक्ष एकादश की बात की जाए, तो विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के नेतृत्व वाली टीम में चोटिल नमन ओझा शामिल नहीं है। गौरतलब है कि वर्तमान में जारी रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के कारण हैदराबाद, केरल, मध्य प्रदेश और पंजाब की टीमों से किसी भी खिलाड़ी को इस टीम में शामिल नहीं किया गया है।

इस अभ्यास मैच के बाद श्रीलंका की टीम भारत के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों के अलावा, तीन वनडे और तीन टी-20 मैच भी खेलेगी।

दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच 16 नवम्बर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल