1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री का दावा, फिक्स था 2011 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला

श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री का दावा, फिक्स था 2011 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 18, 2020 05:33 pm IST,  Updated : Jun 18, 2020 05:33 pm IST

श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री महिंदानंदा अलुथगामगे ने दावा किया है कि श्रीलंकाई क्रिकेट टीम साल 2011 में वर्ल्ड कप फाइनल भारत के खिलाफ जानबूझ कर हारी थी।

Sri Lanka's former sports minister alleges 2011 WC final...- India TV Hindi
Sri Lanka's former sports minister alleges 2011 WC final sold Image Source : GETTY IMAGES

श्रीलंका के पूर्व खेल मंत्री महिंदानंदा अलुथगामगे ने दावा किया है कि श्रीलंकाई क्रिकेट टीम साल 2011 में वर्ल्ड कप फाइनल भारत के खिलाफ जानबूझ कर हारी थी। पूर्व खेल मंत्री महिंदानंदा ने कहा कि उनके देश ने 2011 विश्व कप फाइनल भारत को ‘बेच’ दिया था। हालांकि पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटरों ने इस दावे को बकवास कररा देते हुए सबूत की मांग की है।

स्थानीय टीवी चैनल 'सिरासा' के साथ एक साक्षात्कार में अलुथगामगे ने कहा कि फाइनल 'फिक्स' था। भारत के सामने वर्ल्ड कप फाइनल 275 रनों का लक्ष्य था, जिसे उसने गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनीकी शानदार अर्धशतक पारियों की बदौलत हासिल कर लिया।

श्रीलंका के उस समय के खेल मंत्री रहे अलुथगामगे ने कहा, ‘‘आज मैं आपसे कह रहा हूं कि हमने 2011 वर्ल्ड कप भारत को बेच दिया था, जब मैं खेल मंत्री था तब भी मैंने ऐसा ही कहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक देश के रूप में मैं यह ऐलान नहीं करना चाहता था। मुझे याद नहीं कि वह 2011 था या 2012। लेकिन हमें वो मैच जीतना चाहिए था। मैं जिम्मेदारी के साथ आपको कह रहा हूं कि मैंने महसूस किया कि वह मैच फिक्स था। मैं इस पर बहस कर सकता हूं, मुझे पता है कि लोग इसे लेकर चिंतित हैं।’’

महिंदानंदा अलुथगामगे के इस दावे की कई पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटरों ने बकवास करार दिया है। वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में शतक जड़ने वाले महेला जयवर्धने ट्वीट के जरिए पूर्व खेल मंत्री के दावे का खंडन किया। उन्होंने लिखा, "क्या चुनाव होने वाले हैं? जो सर्कस शुरू हुआ है वह पसंद आया। नाम और सबूत?’’ जयवर्धने के अलावा टीम के पूर्व कप्तान कुमार संगाकार ने भी पूर्व खेल मंत्री के दावे को झूठा बताया है और सबूत की मांग की है।  

गौरतलब है कि साल 2011 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने नाबाद 97 रन और गौतम गंभीर की 91 रन की पारियों के दम पर जीत हासिल कर वर्ल्ड कप अपने नाम किया था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल