गाले: आज जब टीम इंडिया श्रीलंका के साथ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेलने उतरेगी तो उसके सामने सबसे बड़ा लक्ष्य होगा 22 साल का रिकार्ड तोड़ना लेकिन इसके अलावा कप्तान के तौर पर अपनी पहली पूर्ण सीरीज खेल रहे विराट कोहली के लिए भी ये एक आग के दरिये के समान होगी जिससे उन्हें गुज़रकर जाना होगा।
धोनी के संन्यास के बाद से यह भारत की पहली पूर्ण सीरीज है।
भारत का श्रीलंका में रेकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है। भारत ने आख़िरी बार 1993 में श्रीलंका को उसी के घर में पटख़नी दी थी और तब से निराशा भरे 22 साल जीत की आस में गुज़र चुके हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोहली की कप्तानी में भारत इस लंबे इंतजार को खत्म करते हुए श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीत पाएगा या नहीं।
कोहली अपनी नई भूमिका को लेकर ख़ासे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा भी है कि यह उनकी पहली पूर्ण सीरीज है और चूंकि यह तीन मैचों की सीरीज है इसलिए लय बनाने का समय और मौका होगा। कुछ योजनाएं पर भी अमल करने का मौका मिलेगा।
टीम इंडिया के लिए अपनी बैटिंग का लोहा मनवा चुके कप्तान कोहली का आउट ऑफ फॉर्म होना चिंता का विषय है। इस दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ हुए प्रैक्टिस मैच में फेल होने के बाद श्रीलंका बोर्ड प्रेजिडेंट इलेवन के साथ हुए प्रैक्टिस मैच में भी वह दोनों पारियों में महज़ 8 और 18 रन ही बना सके थे। कोहली को न सिर्फ फॉर्म में वापसी करनी होगी बल्कि अपनी विराट बैटिंग से बाकी के बल्लेबाजों के लिए आदर्श बनना पड़ेगा।
टीम इंडिया बदलाव के दौर से गुजर रही है और टीम धोनी युग से निकलर कोहली युग में प्रवेश कर रही है। टीम के ज्यादातर खिलाड़ी युवा हैं और उन्हें श्रीलंका में इससे पहले टेस्ट खेलने का अनुभव नहीं है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली यहां पहले भी काफी क्रिकेट खेल चुके हैं लेकिन श्रीलंकाई धरती पर इन दोनों का ही रेकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। इसलिए अगर भारत को यह सीरीज जीतनी है तो इन दोनों को बैट से जोरदार प्रदर्शन करना होगा।
अगर विराट कोहली यह सीरीज जीते तो यकीनन यह भारतीय क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत होगी।
भारत
विराट कोहली :कप्तान:, शिखर धवन, मुरली विजय, लोकेश राहुल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, अमित मिश्रा, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव और वरूण आरोन।
श्रीलंका
एंजेलो मैथ्यूज :कप्तान:, लाहिरू थिरिमाने, कौशल सिल्वा, दिमुथ करूणारत्ने, कुमार संगकारा, दिनेश चांदीमल, उपुथ थरंगा, जेहान मुकाबरक, कुशाल परेरा, रंगना हेराथ, दिलरूवान परेरा, थारिंडु कौशल, नुवान प्रदीप, धम्मिका प्रसाद, विश्व फर्नांडो और दुष्मंता चमीरा :फिटनेस पर निर्भर:।