नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ पुणे में खेले गए पहले टी-20 मैच में टीम इंडिया को करारी हार का सामना करना पड़ा। 102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ने 5 विकेट से जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। टीम इंडिया के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। 20 ओवर भी पूरे न खेल पाए धोनी के धुरंधर 18.5 ओवर में सिर्फ 101 रन बना पाए। आपको बता दें कि महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में आज तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला गया।
महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी में आस्ट्रेलिया को उसी के घर में तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हराने वाली भारतीय टीम में सिर्फ एक बदलाव किया गया था। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की जगह अजिंक्य रहाणे को बुलाया गया।
बेदम बल्लेबाजी: अगर टीम इंडिया की बैटिंग की बात की जाए तो टीम इंडिया के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। पुछल्ले बल्लेबाज आर अश्विन ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए इसके अलावा सुरेश रैना जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टी-20 मैच में घातक नजर आ रहे थे वो मात्र 20 रन बना पाए।
गेंदबाजी रही सुस्त: अगर अश्विन को छोड़ दिया जाए तो हर कोई अपनी धुनाई करवाता दिखा। बेशक नेहरा ने दो विकेट लिए, लेकिन न्यूनतम लक्ष्य को बचाने उतरी टीम इंडिया की स्थिति के लिहाज से नेहरा का हर ओवर में 7 रन पिटवाना किसी लिहाज से बेहतर नहीं था। रवींद्र जड़ेजा और पंड्या ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया।