1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पैटरनिटी लीव लेने के लिए स्टीव स्मिथ ने विराट कोहली को सराहा

पैटरनिटी लीव लेने के लिए स्टीव स्मिथ ने विराट कोहली को सराहा

 Edited By: Bhasha
 Published : Dec 22, 2020 12:11 pm IST,  Updated : Dec 22, 2020 12:11 pm IST

कोहली मंगलवार को स्वदेश रवाना होंगे जिससे कि अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए अपनी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ रह सकें।

virat kohli, Steve Smith, Shane Warne, India vs Australia, Cricket, Adelaide Test- India TV Hindi
virat kohli  Image Source : GETTY IMAGES

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कहा कि विराट कोहली को अपने बच्चे के जन्म को क्रिकेट पर प्राथमिकता देने का श्रेय दिया जाना चाहिए क्योंकि भारतीय कप्तान पर पूरी टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया में रुकने का काफी दबाव था। एडीलेड में पहले टेस्ट में आठ विकेट की हार के बाद भारतीय टीम चार टेस्ट की सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है। 

कोहली मंगलवार को स्वदेश रवाना होंगे जिससे कि अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए अपनी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ रह सकें। दूसरा टेस्ट मेलबर्न में 26 दिसंबर से खेला जाएगा। स्मिथ ने आनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘बेशक यह भारत के लिए बड़ा नुकसान है कि वह बाकी सीरीज में नहीं खेलेगा। हमें देखना होगा कि वह पहली पारी में किस तरह खेला। यह गेंदबाजी की अनुकूल पिच पर अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ स्तरीय प्रदर्शन था।’’ 

यह भी पढ़ें- सर डॉन ब्रैडमैन की टेस्ट कैप पर लगी 3 लाख 40 हजार डॉलर की बोली

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले टेस्ट के बाद उसे बधाई दी और कहा कि आपकी यात्रा सुखद रहे, उम्मीद करता हूं कि बच्चे के साथ सब कुछ सही रहेगा। अपनी पत्नी को मेरी ओर से शुभकामनाएं दीजिए।’’ 

स्मिथ ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि उस पर यहां रुकने के लिए काफी दबाव रहा होगा लेकिन कदम उठाना और अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौटना, इसके लिए उसे श्रेय जाता है। वह निश्चित तौर पर इसका गवाह बनना चाहता है।’’ 

यह भी पढ़ें- आईपीएल 2022 में 2 नई टीमें बन सकती है लीग का हिस्सा, सामने आया BCCI का प्लान

कोहली ने पहले डे-नाइट टेस्ट की पहली पारी में 74 रन बनाए थे जो दोनों टीमों की ओर से किसी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। स्मिथ सिर्फ एक रन बना पाए थे। स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न के नजरिये से भी सहमत नहीं हैं कि सभी टेस्ट मैचों में लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘निजी तौर पर मैं चाहूंगा कि लाल गेंद का क्रिकेट जिंदा रहे। मुझे लगता है कि एक सीरीज काफी है। जैसा कि हमने एडीलेड में देखा, इसने शानदार काम किया, यह दर्शनीय था। हमने काफी अच्छे डे-नाइट मैच खेले हैं।’’ स्मिथ ने कहा, ‘‘लेकिन कुल मिलाकर निजी तौर पर मैं लाल गेंद का काफी क्रिकेट खेलना चाहता हूं।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल