1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पृथ्वी की वीरेंद्र सहवाग से तुलना को लेकर कप्तान कोहली ने दिया ये बड़ा बयान

पृथ्वी की वीरेंद्र सहवाग से तुलना को लेकर कप्तान कोहली ने दिया ये बड़ा बयान

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Oct 11, 2018 02:03 pm IST,  Updated : Oct 11, 2018 02:03 pm IST

पहले टेस्ट में बड़ी जीत दर्ज कर भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुका है।

पृथ्वी शॉ- India TV Hindi
पृथ्वी शॉ Image Source : AP

हैदराबाद: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को युवा पृथ्वी साव की किसी दूसरों से तुलना नहीं करने और उन्हें एक क्रिकेटर के रूप में उभरने का मौका देने की अपील की है। शॉ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में अपने पदार्पण मैच में ही 134 रन बनाये जिसके बाद उनकी सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग से तुलना की जाने लगी थी।

कोहली ने कहा,‘‘मुझे नहीं लगता कि उसको लेकर अभी किसी फैसले पर पहुंच जाना चाहिए। आपको इस युवा खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के लिये जगह देनी चाहिए। वह बेहद प्रतिभाशाली हैं और जैसा हर किसी ने देखा उसमें काफी टैलेंट है।’’

उन्होंने कहा,‘‘हम निश्चित तौर पर चाहते हैं कि उसने पहले मैच में जैसा प्रदर्शन किया वो उसे दोहराएं। वह सीखने का इच्छुक है और तेजतर्रार है। वह परिस्थिति का अच्छी तरह से आंकलन करता है। हम सभी उसके लिये खुश हैं।’’ 

कोहली ने सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर से भी सहमति जतायी जिन्होंने बुधवार को कहा था कि लोगों को पृथ्वी की तुलना वीरेंद्र सहवाग से नहीं करनी चाहिए। कोहली ने कहा,‘‘हमें अभी उसकी तुलना किसी से नहीं करनी चाहिए। हमें उसे ऐसी स्थिति में नहीं रखना चाहिए जहां वह किसी तरह का दबाव महसूस करे। उसे हमें वह स्थान देना चाहिए जहां वह अपने खेल का लुत्फ उठाये और धीरे धीरे ऐसे खिलाड़ी के रूप में तैयार हो जैसा हम सभी चाहते हैं।’’ 

आईपीएल, भारत ए के दौरों और अंडर-19 टूर्नामेंट के सीधे प्रसारण से युवा जल्द ही अपनी पहचान बना रहे हैं और कोहली ने स्वीकार किया कि अब वे दबाव सहने के लिये बेहतर तरीके से तैयार रहते हैं। 

उन्होंने कहा,‘‘निश्चित तौर यह एक कारण हो सकता है क्योंकि वे उस माहौल में खेल चुके होते हैं जिसमें की अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाता है। लेकिन देश की तरफ से खेलने का हमेशा दबाव होता है। जब आप सुबह यह कैप पहनते हो तो आप थोड़ा नर्वस रहते हो और मुझे लगता है कि हर कोई यह दबाव महसूस करता है।’’ 

कोहली ने कहा,‘‘लेकिन यह दबाव 10-15 साल पहले जैसा नहीं है जब आपको इस तरह की क्रिकेट खेलने का कोई अनुभव नहीं रहता था और अचानक ही आपको भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करना होता था।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल