1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सुनील गावस्कर ने 59 लाख तो चेतेश्वर पुजारा ने भी दिया दान

सुनील गावस्कर ने 59 लाख तो चेतेश्वर पुजारा ने भी दिया दान

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 07, 2020 04:48 pm IST,  Updated : Apr 07, 2020 04:48 pm IST

पुजारा वर्तमान क्रिकेटरों में विराट कोहली, रोहित शर्मा, अंजिक्य रहाणे और केदार जाधव की सूची में शामिल हो गये हैं जिन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Sunil Gavaskar- India TV Hindi
Sunil Gavaskar Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली| दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने मंगलवार को कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई के लिये 59 लाख रुपये का दान किया जबकि टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने भी प्रधानमंत्री आपात स्थिति नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) में अपना योगदान दिया। पुजारा वर्तमान क्रिकेटरों में विराट कोहली, रोहित शर्मा, अंजिक्य रहाणे और केदार जाधव की सूची में शामिल हो गये हैं जिन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पुजारा ने हालांकि यह खुलासा नहीं किया कि उन्होंने कितनी धनराशि का योगदान दिया है।

पूर्व क्रिकेटरों में सचिन तेंदुलकर ने अहम योगदान दिया है। अपने जमाने के मशहूर सलामी बल्लेबाज और अब जाने माने कमेंटेटर गावस्कर ने स्वयं अपने योगदान का खुलासा नहीं किया लेकिन मुंबई के पूर्व कप्तान अमोल मजूमदार के ट्वीट के बाद उनके करीबी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की।

मजूमदार ने कहा, ‘‘अभी सुना कि एसएमजी (सुनील मनोहर गावस्कर) ने कोविड राहत कोष के लिये 59 लाख रुपये का दान दिया है। इनमें से 35 लाख प्रधानमंत्री केयर्स फंड और 24 लाख महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कोष में दिये गये हैं। सराहनीय कार्य सर। ’’

जारा ने कोरोना वायरस के खिलाफ इस लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले चिकित्सकों, अन्य चिकित्साकर्मियों और पुलिस का आभार व्यक्त किया जो संकट के इस दौर में निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे परिवार और मैंने ‘केयर्स फंड’ और गुजरात के मुख्यमंत्री के राहत कोष में अपनी तरफ से थोड़ा योगदान दिया है और आशा है कि आप भी ऐसा करेंगे। प्रत्येक योगदान मायने रखता है तो चलिए हम सभी अपनी तरफ से थोड़ा योगदान करते हैं और मिलकर हम निश्चित तौर पर इससे पार पा लेंगे। ’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल