1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार के बाद बोले केन विलियमसन- भारत ने हमें हमारी ही परिस्थितियों में सबक सिखा दिया

हार के बाद बोले केन विलियमसन- भारत ने हमें हमारी ही परिस्थितियों में सबक सिखा दिया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 03, 2019 04:12 pm IST,  Updated : Feb 03, 2019 04:14 pm IST

यह चौथी बार है जब न्यूजीलैंड को अपने घर में द्विपक्षीय सीरीज गंवानी पड़ी है। मैच व सीरीज गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन काफी दुखी नजर आए।

हार के बाद बोले केन विलियमसन- भारत ने हमें हमारी ही परिस्थितियों में सबक सिखा दिया- India TV Hindi
हार के बाद बोले केन विलियमसन- भारत ने हमें हमारी ही परिस्थितियों में सबक सिखा दिया Image Source : @BLACKCAPS/TWITTER

गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम ने रविवार को यहां वेस्टपैक स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पांचवें और आखिरी वनडे मैच में न्यूजीलैंड को 35 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 4-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। यह चौथी बार है जब न्यूजीलैंड को अपने घर में द्विपक्षीय सीरीज गंवानी पड़ी है। मैच व सीरीज गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन काफी दुखी नजर आए। मैच के बाद विलियमसन ने कहा, "यह एक अलग पिच थी। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तब हमें लगा कि यह एक चुनौतीपूर्ण पिच होगी। लेकिन आखिर में वे (भारत) गेम को हमसे दूर लेकर चले गए।" लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही लेकिन केन विलियमसन ने टॉम लाथम के साथ मिलकर पारी को संभाला और न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति तक लेकर गए लेकिन विलियमसन का विकेट गिरते की न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई।

विलियमसन ने कहा, "स्कोरिंग रेट कभी हमसे दूर नहीं था। लेकिन यह सिर्फ इतना था कि हमने गलत समय पर विकेट गंवाए। उनके लिए यहां पर रायडू ने 90 रनों की पारी खेलकर काफी अच्छी तरह से मौके को भुनाया था। लेकिन कई मौकों पर वे काफी देर तक रन नहीं बना सके थे। हमें पता था कि यह कठिन होने वाला है। हम जानते हैं कि भारत किसी भी पिच पर कितनी अच्छी गेंदबाजी करता है। उनकी सटीकता बहुत अच्छी है। अगर मैं टॉम लेथम के साथ साझेदारी को और अधिक आगे तक ले जा सकता था तो बात अलग होगी।"

विलियमसन ने कहा कि भारत ने उन्हें कई पाठ पढ़ाए हैं जिससे उन्हें आगे के लिए सीख मिलेगी। उन्होंने कहा, "इस सीरीज में भारत को श्रेय जाता। उन्होंने हमें हमारी अपनी ही परिस्थितियों में कई सबक सिखाए हैं। इंडिया एक विश्वस्तरी टीम है। वे सीरीज जीत के योग्य हैं। हमें इन सबकों से सीखने की जरूरत है। यह दबाव का खेल है। इस सीरीज के दौरान, उन्होंने हमें जितना प्रेशर दिया था, हम उससे ज्यादा प्रेशर में थे।"

मैच की बात करें तो भारत ने चौथे वनडे की शर्मनाक हार से उबरते हुए यहां शानदार वापसी की। उसने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 252 रन का स्कोर बनाया और फिर मेजबान न्यूजीलैंड की टीम को 44.1 ओवर में 217 रन पर समेट दिया। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल