1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. उस्मान की घातक गेंदबाजी, पाक ने किया क्लीन स्वीप

उस्मान की घातक गेंदबाजी, पाक ने किया क्लीन स्वीप

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 23, 2017 08:55 pm IST,  Updated : Oct 23, 2017 08:55 pm IST

बायें हाथ के तेज गेंदबाज उस्मान खान शिनवारी की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने आज यहां पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की श्रृंखला में 5-0 से क्लीन स्वीप किया.

Usman Khan- India TV Hindi
Usman Khan

शारजाह: बायें हाथ के तेज गेंदबाज उस्मान खान शिनवारी की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने आज यहां पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 178 गेंद शेष रहते हुए श्रीलंका को नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की श्रृंखला में 5-0 से क्लीन स्वीप किया।

अपना दूसरा वनडे खेल रहे 23 वर्षीय उस्मान ने अपने पहले स्पैल में ही पांच विकेट लेकर श्रीलंका का शीर्ष क्रम झाकझोर दिया। उन्होंने कुल 34 रन देकर पांच विकेट लिये और श्रीलंका को 26.2 ओवर में 103 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभायी। उनके अलावा हसन अली और शादाब खान ने भी दो-दो विकेट लिये। पाकिस्तान ने केवल 20.2 ओवर में एक विकेट पर 105 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। इनामुल हक ने नाबाद 45 और फख़र ज़मां ने 48 रन बनाये। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये 84 रन जोड़े। फहीम अशरफ पांच रन बनाकर नाबाद रहे। 

इससे पहले श्रीलंका की तरफ से केवल तिसारा परेरा 25, लाहिरू तिरिमाने 19, सीकुगे प्रसन्ना 16 और दुशमंत चमीरा 11 ही दोहरे अंक में पहुंचे। श्रीलंका का यह पाकिस्तान के खिलाफ दूसरा न्यूनतम स्कोर है। उसने शारजाह में ही 2002 में पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बनाये थे। 

वर्तमान श्रृंखला के चौथे वनडे में पदार्पण करने वाले उस्मान ने मैच की पांचवीं गेंद पर संदीरा समरविक्रमा को बोल्ड किया और फिर अगली गेंद पर दिनेश चंदीमल को विकेट के पीछे कैच कराया। अपने अगले ओवर में उन्होंने कप्तान उपुल थरंगा आठ की गिल्लियां बिखेरी और पांचवीं गेंद पर निरोशन डिकवेला को पगबाधा आउट करके श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर आठ रन कर दिया। इसके बाद उन्होंने मिलिंदा श्रीवर्धना छह के रूप में अपना पांचवां विकेट लिया। 

उस्मान ने अपने पांच विकेट केवल 21 गेंदों के अंदर लिये जो वनडे में सबसे कम गेंदों में पांच विकेट लेने की तालिका में तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल