1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एसजी से नाखुश कोहली सभी टेस्ट मैचों में चाहते हैं ड्यूक की गेंद

एसजी से नाखुश कोहली सभी टेस्ट मैचों में चाहते हैं ड्यूक की गेंद

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 11, 2018 02:57 pm IST,  Updated : Oct 11, 2018 02:57 pm IST

कोहली ने एसजी गेंदों की खराब गुणवत्ता पर नाखुशी जतायी जिनका भारत अपने घर में उपयोग करता है। 

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

हैदराबाद: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ने गुरूवार को कहा कि दुनिया भर में टेस्ट क्रिकेट इंग्लैंड में बनी ड्यूक गेंद से खेला जाना चाहिए। उन्होंने एसजी गेंदों की खराब गुणवत्ता पर नाखुशी जतायी जिनका भारत स्वदेश में उपयोग करता है। कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले कहा, ‘‘मेरा मानना है कि ड्यूक की गेंद टेस्ट क्रिकेट के लिये सबसे उपयुक्त है। मैं दुनिया भर में इस गेंद के इस्तेमाल की सिफारिश करूंगा। इसकी सीम कड़ी और सीधी है और इस गेंद में निरंतरता बनी रहती है। ’’ 

गेंद के इस्तेमाल को लेकर आईसीसी के कोई विशिष्ट दिशानिर्देश नहीं हैं और हर देश अलग तरह की गेंदों का उपयोग करता है। भारत स्वदेश में बनी ‘एसजी’ गेंदों का इस्तेमाल करता है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ड्यूक जबकि ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और श्रीलंका कूकाबूरा का उपयोग करते हैं। 

कोहली से पहले ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा था कि वह एसजी की तुलना में कूकाबूरा से गेंदबाजी करते हुए अधिक बेहतर महसूस करते हैं। अश्विन की शिकायत के बारे में पूछे जाने पर कोहली ने इस स्पिनर का समर्थन किया। 

कोहली ने कहा, ‘‘मैं पूरी तरह से उनसे सहमत हूं। पांच ओवर में गेंद घिस जाती है ऐसा हमने पहले कभी नहीं देखा था। पहले जिस गेंद का उपयोग किया जाता था उसकी गुणवत्ता काफी अच्छी थी और मुझे नहीं पता कि अब इसमें गिरावट क्यों आयी है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ड्यूक गेंद अब भी अच्छी गुणवत्ता वाली होती है। कूकाबूरा भी अच्छी गुणवत्ता की होती हैं। कूकाबूरा की जो भी सीमाएं (सीम सपाट हो जाना) है लेकिन उसकी गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं किया जाता है। ’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल