1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट के बारे में सौरव गांगुली से बातचीत करने पर विराट कोहली ने कही ये बात

महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट के बारे में सौरव गांगुली से बातचीत करने पर विराट कोहली ने कही ये बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 22, 2019 03:56 pm IST,  Updated : Oct 22, 2019 03:56 pm IST

धोनी यहां भारतीय टीम के सदस्यों से मिलने आए और कोहली ने पत्रकारों को मजाकिया लहजे में कहा कि वे ड्रेसिंग रूम में आएं और पूर्व भारतीय कप्तान को ‘हेलो’ बोलें।

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : BCCI

रांची। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भविष्य को लेकर उनकी सौरव गांगुली से कोई बात नहीं हुई और उनका मानना है कि जब जरूरत होगी तब बीसीसीआई के भावी अध्यक्ष उनसे बात करेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक लेने वाले धोनी के बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला में खेलने की संभावना नहीं है।

धोनी यहां भारतीय टीम के सदस्यों से मिलने आए और कोहली ने पत्रकारों को मजाकिया लहजे में कहा कि वे ड्रेसिंग रूम में आएं और पूर्व भारतीय कप्तान को ‘हेलो’ बोलें। बीसीसीआई का भावी अध्यक्ष चुने जाने के बाद गांगुली ने कहा था कि वह चयनकर्ताओं और धोनी से बात करके जानना चाहते हैं कि उनके मन में क्या चल रहा है। 

भारतीय कप्तान ने प्रेस कांफ्रेंस के बाद कहा, ‘‘मैंने उन्हें (गांगुली को) बधाई दी। यह शानदार है कि वह बीसीसीआई अध्यक्ष बने। लेकिन उन्होंने अब तक इस (धोनी के) बारे में मेरे साथ बात नहीं की है। जब उन्हें बात करनी होगी तो वे संपर्क करेंगे। मुझे यकीन है कि जब वह बोलेंगे तो मैं उनसे मिलने जाऊंगा।’’

गांगुली ने सोमवार को कहा था कि वह 24 अक्टूबर को कोहली से बात करेंगे क्योंकि उनकी मानना है कि बांग्लादेश के खिलाफ तीन नवंबर से शुरू हो रही टी20 श्रृंखला से बाहर रहने का फैसला भारतीय कप्तान को करना है।

गांगुली ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘मैं उनसे (कोहली से) वैसे ही मिलूंगा जैसे बीसीसीआई अध्यक्ष भारतीय कप्तान से मिलता है। यह उस पर निर्भर करता है कि वह आराम चाहता है या नहीं।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल