1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Women World Cup: विजयी रथ पर सवार भारत की आज कड़ी परीक्षा, जूझना होगा दमदार द. अफ्रीका से

Women World Cup: विजयी रथ पर सवार भारत की आज कड़ी परीक्षा, जूझना होगा दमदार द. अफ्रीका से

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 08, 2017 10:45 am IST,  Updated : Jul 08, 2017 10:45 am IST

महिला विश्व कप में विजयी रथ पर सवार भारतीय टीम अपने पांचवें मैच में आज मज़बूत टीम दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।

Women world cup 2017, India vs South Africa- India TV Hindi
Women world cup 2017, India vs South Africa

लिसेस्टर: महिला विश्व कप में विजयी रथ पर सवार भारतीय टीम अपने पांचवें मैच में आज मज़बूत टीम दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। ये मैच भारतीय कप्तान मिताली राज के लिए ख़ास होगा क्योंकि अगर वह 34 रन बना लेती हैं तो वनडे क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज़ बन जाएंगी।  

दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसे बल्लेबाज़ हैं जो बेख़ौफ़ होकर शॉट लगाते हैं और ऐसे में भारत को नई गेंद का इस्तेमाल बहुत सावधानी और चतुराई से करना होगा। इस मैच में तेज़ गेंदबाज शिखा पांडे को मौका मिल सकता है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरी सबसे अधिक विकेट लेने वाली तेज गेंदबाज शिखा पांडे के पास सात वनडे मैचो में 14 विकेट लेने का अनुभव है। उनकी इंग्लैंड की परिस्थति में देरी से स्विंग होने वाली गेंदें कहर बरपा सकती हैं। लेग स्पिनर पूनम यादव भी बीच के ओवरों में अपनी चतुराई भरी फ्लाइट गेंदों से बल्लेबाज़ों को परेशान कर रही हैं। 

भारतीय टीम इस समय एक यूनिट की तरह खेल रही है। शीर्ष क्रम में दीप्ती शर्मा ने पिछले मैच में विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक बनाने के साथ ही एक विकेट हासिल किया था। 19 वर्षीय दीप्ती इस समय एकता बिष्ट के साथ इस विश्व कप में सबसे अधिक सात विकेट लेने वाली खिलाड़ी हैं। 

हरमनप्रीत ने श्रीलंका के खिलाफ वेदा कृष्णामूर्ति के साथ 54 गेंद पर 50 रन की साझेदारी करने के साथ उन्होंने अपने आक्रामक तेवर दिखाए थे। मध्य क्रम की बल्लेबाज मोना मेशराम भी दो मैचों में कुल 67 गेंदों का सामना करके 24 रन बना पाई हैं। शीर्ष क्रम के न चलने की स्थिति में मध्य क्रम का यह पक्ष भारत के लिए चिंता का सबब है।

वहीं दक्षिण अफ्रीका ने पिछले हफ्ते वेस्टइंडीज को केवल 48 रन पर समेटकर शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है। इसमें उसकी लेग स्पिनर डेन वान नीकेर्क के अलावा शबनम इस्माइल और मैरीजाने कैप ने अपनी रफ्तार से चौंकाया है। ये दोनों कुल नौ विकेट हासिल कर चुकी हैं और अब ये दोनों भारतीय बल्लेबाजों की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।

मिताली इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने की दहलीज़ पर

मिताली महिला क्रिकेट के वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने की दहलीज पर हैं। उन्हें इंग्लैंड की कारलोट एडवर्डस का 5992 रनों का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 34 रन की दरकार है। एडवर्डस ने यह कमाल 191 वनडे मैचों में किया था जबकि मिताली का यह 182वां मैच होगा और अगर वह यह कमाल करने में सफल रहीं तो भारत के नाम सबसे ज्यादा विकेट (झूलन गोस्वामी) और सबसे ज्यादा रन हासिल करने के रिकॉर्ड दर्ज हो जाएंगे। यह भी संयोग है कि दोनों इस समय टीम की सदस्य हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल