1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Women World Cup: इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मुक़ाबला आसान नही होगा, कहा कप्तान मिताली राज ने

Women World Cup: इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मुक़ाबला आसान नही होगा, कहा कप्तान मिताली राज ने

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 22, 2017 12:21 pm IST,  Updated : Jul 22, 2017 12:21 pm IST

आईसीसी महिला विश्वकप में कमाल के प्रदर्शन के बाद फाइनल में जगह बना चुकी भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज का कहना है कि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबला आसान नहीं होगा।

Mithali Raj- India TV Hindi
Mithali Raj

डर्बी: आईसीसी महिला विश्वकप में कमाल के प्रदर्शन के बाद फाइनल में जगह बना चुकी भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज का कहना है कि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबला आसान नहीं होगा। साथ ही मिताली ने विपक्षी टीम इंग्लैंड को सतर्क रहने की भी नसीहत दे डाली।  

मिताली ने कहा कि हम जानते हैं कि फ़ाइनल मैच आसान नहीं होगा लेकिन यह निर्भर करता है कि उस दिन आप कैसा खेलते हैं। हमें अपनी रणनीतियों और योजनाओं पर काम करना होगा क्योंकि इंग्लैंड ने भी पिछले मैच हारने के बाद वापसी की है। कप्तान ने कहा कि इंग्लैंड घरेलू टीम है और अपनी जमीन पर खेल रही है। उन्होंने फाइनल तक पहुंचने के लिए काफी कमाल का प्रदर्शन किया है। हमारे लिए उन्हें उनके घर में हराना चुनौती होगी। लेकिन हम एक टीम की तरह खेलेंगे।

बस ख़िताब से एक कदम दूर है टीम इंडिया

मिताली की कप्तानी में महिला टीम इंडिया पहली बार विश्वकप खिताब अपने नाम कर इतिहास रचने से अब एक कदम ही दूर है। भारत ने 6 बार की चैंपियन आस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में 36 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय टीम अब आत्मविश्वास से लबरेज दिखाई दे रही है और फाइनल में वह जीत की बराबरी से दावेदार है क्योंकि टूर्नामेंट के लीग चरण में उसने अपने अभियान की शुरूआत ही मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ 35 रन की जीत से की थी। भारत अब रविवार को लार्ड्स में इंग्लैंड का दूसरी बार मुकाबला करने उतरेगी। 

2005 में चूक गई थी टीम इंडिया

कप्तान और वनडे की सर्वश्रेष्ठ स्कोरर मिताली ने कहा कि बतौर टीम हम सभी फाइनल में जगह बनाकर बहुत खुश हैं। भारत ने वर्ष 2005 में पहली बार विश्वकप फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन आस्ट्रेलिया से हारकर वह खिताब से चूक गई। फाइनल को लेकर उन्होंने कहा कि हम पहले ही जानते थे कि टूर्नामेंट हमारे लिए आसान नहीं होने वाला है लेकिन हमारी लड़कियों ने हर स्थिति के अनुसार टीम की जरूरत के हिसाब से प्रदर्शन किया। चाहे गेंदबाज हों या बल्लेबाज सभी ने टीम के लिए खेला और आस्ट्रेलिया पर जीत के बाद खिलाड़ियों में फाइनल को लेकर एक अलग ही जज्बा है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल