1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शिखर धवन को लेकर असमंजस में टीम इंडिया, मेडिकल रिपोर्ट के इंतजार में कोहली एंड कंपनी

शिखर धवन को लेकर असमंजस में टीम इंडिया, मेडिकल रिपोर्ट के इंतजार में कोहली एंड कंपनी

 Reported By: IANS
 Published : Jun 11, 2019 06:11 pm IST,  Updated : Jun 11, 2019 06:11 pm IST

नियमों के मुताबिक, अगर किसी और खिलाड़ी के नाम का ऐलान धवन की जगह किया जाता है तो बाएं हाथ का बल्लेबाज फिर इस टूर्नामेंट में नहीं खेल सकेगा। 

शिखर धवन को लेकर असमंजस में टीम इंडिया, मेडिकल रिपोर्ट के इंतजार में कोहली एंड कंपनी- India TV Hindi
शिखर धवन को लेकर असमंजस में टीम इंडिया, मेडिकल रिपोर्ट के इंतजार में कोहली एंड कंपनी Image Source : GETTY IMAGE

नई दिल्ली। एक तरफ जहां सभी जगह बातें हो रही हैं कि भारत को शिखर धवन के अंगूठे की चोट के कारण बड़ा झटका लगा है, वहीं दूसरी तरफ टीम प्रबंधन असमंजस की स्थिति में है। वह अभी भी इस बात पर फैसला नहीं कर पा रहा है कि सलामी बल्लेबाज के विकल्प का ऐलान किया जाना चाहिए या नहीं। नियमों के मुताबिक, अगर किसी और खिलाड़ी के नाम का ऐलान धवन की जगह किया जाता है तो बाएं हाथ का बल्लेबाज फिर इस टूर्नामेंट में नहीं खेल सकेगा। 

आईएएनएस को पता चला है कि फ्रेक्चर का पता सीटी स्कैन के जरिए चला है लेकिन एक्स-रे में किसी भी तरह के फ्रेक्चर का जिक्र नहीं है। इसी कारण धवन आगे की जांच के लिए लीड्स रवाना हो चुके हैं। ऐसी खबरें है कि धवन के विकल्प का ऐलान करने से पहले टीम प्रबंधन धवन की चोट और उनकी वापसी के समय को लेकर आश्वस्त होना चाहता है।

भारतीय चयनकर्ताओं ने अंबाती रायडू, ऋषभ पंत, नवदीप सैनी, ईशांत शर्मा और अक्षर पटेल को रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर रखा है। धवन के स्थान पर टीम इनमें से किसी को भी चुन सकती है लेकिन पंत का नाम धवन के विकल्प के तौर पर सबसे आगे है। धवन की गैरमौजूदगी में लोकेश राहुल पारी की शुरुआत कर सकते हैं। 

विश्व कप की खराब शुरुआत के बाद धवन ने वापसी कर आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच में शानदार शतक जमाया था। इसी मैच में पैट कमिंस की गेंद धवन के अंगूठे पर लगी थी। वह हालांकि चोट के बाद भी खेलते रहे थे। रवींद्र जडेजा ने धवन के स्थान पर फील्डिंग की थी। 

राहुल अगर सलामी बल्लेबाजी करते हैं तो दिनेश कार्तिक और विजय शंकर को अंतिम-11 में मौका मिल सकता है। 

भारत को अपना अगला मैच गुरुवार को न्यूजीलैंड से खेलना है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल