1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World Cup 2019, Match 6: रूट और बटलर के शतक बेकार, इंग्लैंड को हराकर पाकिस्तान ने तोड़ा लगातार 11 हार का सिलसिला

World Cup 2019, Match 6: रूट और बटलर के शतक बेकार, इंग्लैंड को हराकर पाकिस्तान ने तोड़ा लगातार 11 हार का सिलसिला

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 03, 2019 11:36 pm IST,  Updated : Jun 03, 2019 11:36 pm IST

इन दोनों टीमों के बीच हाल की एकदिवसीय श्रृंखला में बड़े लक्ष्य हासिल करने वाले इंग्लैंड की तरफ से जो रूट (104 गेंदों पर 107) और बटलर (76 गेंदों पर 103) ने शतक जमाये लेकिन तब भी उसकी टीम नौ विकेट पर 334 रन तक ही पहुंच पायी। 

World Cup 2019, Match 6: रूट और बटलर के शतक बेकार, लगातार 11 मैच हारने के बाद जीती पाकिस्तान - India TV Hindi
World Cup 2019, Match 6: रूट और बटलर के शतक बेकार, लगातार 11 मैच हारने के बाद जीती पाकिस्तान  Image Source : GETTY IMAGES

नाटिंघम। जो रूट और जोस बटलर के शतकों पर मोहम्मद हफीज का आलराउंड प्रदर्शन भारी पड़ गया जिससे पाकिस्तान ने खिताब के प्रबल दावेदार इंग्लैंड को एक बड़े स्कोर वाले मैच में सोमवार को यहां 14 रन से हराकर आईसीसी विश्व कप में अच्छी वापसी की। वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पहले मैच में 105 रन पर आउट होने वाले पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर आठ विकेट पर 348 रन का विशाल स्कोर बनाया। इन दोनों टीमों के बीच हाल की एकदिवसीय श्रृंखला में बड़े लक्ष्य हासिल करने वाले इंग्लैंड की तरफ से जो रूट (104 गेंदों पर 107) और बटलर (76 गेंदों पर 103) ने शतक जमाये लेकिन तब भी उसकी टीम नौ विकेट पर 334 रन तक ही पहुंच पायी। 

इससे पहले हफीज ने शुरू में जीवनदान मिलने के बाद 62 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 84 रन बनाये। उनके अलावा बाबर आजम (66 गेंदों पर 63 रन) और कप्तान सरफराज अहमद (44 गेंदों पर 55 रन) ने भी अर्धशतक जमाये। पाकिस्तान की तरफ से 80 रन से अधिक की तीन साझेदारियां निभायी गयी। हफीज ने बाद 43 रन देकर कप्तान इयोन मोर्गन का महत्वपूर्ण विकेट भी लिया। वहाब रियाज ने तीन विकेट लिये लेकिन इसके लिये उन्होंने 82 रन लुटाये। शादाब खान और मोहम्मद आमिर को दो . दो विकेट मिले। 

विश्व कप में यह पहला अवसर है जबकि दो शतक लगने के बावजूद कोई टीम मैच हार गयी। पाकिस्तान ने इस जीत से लगातार 11 मैच गंवाने का क्रम भी तोड़ा। इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और नौ ओवर के अंदर उसके दोनों सलामी बल्लेबाज जैसन रॉय (आठ) और जॉनी बेयरस्टॉ (32) पवेलियन में विराजमान थे। लेग स्पिनर शादाब खान से गेंदबाजी का आगाज करवाने का सरफराज का फैसला सही रहा। उन्होंने रॉय को पगबाधा आउट किया। इस बीच 3000 वनडे रन भी पूरे करने वाले रॉय ने इंग्लैंड का रिव्यू भी गंवाया। 

बेयरस्टॉ भी ज्यादा देर नहीं टिक पाये और वहाब रियाज की गेंद को थर्डमैन पर खेलने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच दे बैठे। कप्तान इयोन मोर्गन (नौ) शुरू से दबाव में दिखे और हफीज की उछाल लेती गेंद पर बोल्ड हो गये। हफीज के साथ दूसरे छोर से एक अन्य आफ स्पिनर शोएब मलिक ने गेंद संभाली और इन दोनों ने बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। इसका लाभ मलिक को मिला जिन्होंने बेन स्टोक्स (13) को विकेट के पीछे कैच कराया। 

जब स्कोर चार विकेट पर 118 रन था तब रूट और बटलर ने जिम्मेदारी संभाली तथा पांचवें विकेट के लिये 130 रन जोड़े। इंग्लैंड को अंतिम 20 ओवरों में 166 रन की दरकार थी और पाकिस्तान के लिये यह साझेदारी सरदर्द बन चुकी थी। रूट अपने 15वें वनडे शतक तक 97 गेंदों का सामना करके पहुंचे, लेकिन इसके तुरंत बाद शादाब की अपेक्षाकृत तेज गेंद पर वह आसान कैच दे बैठे। 

बटलर ने मोहम्मद आमिर पर चौका लगाकर वनडे में अपना नौवां शतक पूरा किया, लेकिन वह भी रूट की राह पर चले। आमिर की आफकटर पर उन्होंने शार्ट थर्डमैन पर कैच दे दिया। उस समय इंग्लैंड को 33 गेंदों पर 61 रन की जरूरत थी। रूट ने दस चौके और एक छक्का जबकि बटलर ने नौ चौके और एक छक्का लगाया। रियाज ने मोईन अली (19) और क्रिस वोक्स (21) को लगातार गेंदों पर आउट करके इंग्लैंड की रही सही उम्मीद भी समाप्त कर दी। 

इससे पहले इंग्लैंड ने मुख्य गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने निराश किया। जोफ्रा आर्चर ने दस ओवर में 79 रन लुटाये। मोईन (50 रन देकर तीन) सबसे सफल गेंदबाज रहे जबकि मार्क वुड (53 रन देकर दो) ने दो विकेट लिये। वोक्स (71 रन देकर तीन विकेट) ने चार कैच लिये और विश्व कप में यह कारनामा करने वाले चौथे क्षेत्ररक्षक बने। इमाम उल हक (44) और फखर जमां (36) ने पहले विकेट के लिये 86 रन जोड़कर पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलायी। इस साझेदारी की विशेषता यह रही कि इन दोनों ने जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाजों को खुद पर हावी नहीं होने दिया। इमाम का वोक्स पर लगाया गया छक्के से इनका आत्मविश्वास दिख रहा था। 

मोईन ने ही यह साझेदारी तोड़ी लेकिन इसमें बटलर का योगदान अहम रहा जिन्होंने फुर्ती दिखाकर फखर को स्टंप किया। मोईन ने ही इमाम को भी पवेलियन भेजा लेकिन वह वोक्स थे जिन्होंने दौड़ लगाकर लांग आफ पर कैच लिया। लेग स्पिनर आदिल राशिद को अपने दूसरे ओवर में हफीज का विकेट मिल जाता लेकिन बेहतरीन क्षेत्ररक्षकों में से एक रॉय ने आसान कैच छोड़ दिया। हफीज तब 14 रन पर थे और उन्होंने इसका फायदा उठाकर 39 गेंदों पर अपना 38वां अर्धशतक पूरा कर दिया। इससे पहले बाबर ने वनडे में अपना 13वां अर्धशतक लगाया था। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिये 88 रन की साझेदारी फिर से मोईन ने तोड़ी जब वोक्स ने दौड़ लगाकर एक और शानदार कैच लपका। 

हफीज ने मार्क वुड पर उन्होंने बेहतरीन टाइमिंग से फ्लिक करके छक्का लगाया लेकिन उनके इस ओवर में वोक्स ने फिर से लांग आफ पर एक और दर्शनीय कैच लपककर हफीज की पारी का अंत किया। हफीज और सरफराज ने चौथे विकेट के लिये 80 रन जोड़े। पाकिस्तान ने इसके बाद आसिफ अली (14), सरफराज, वहाब रियाज (सात) और शोएब मलिक (आठ) के विकेट गंवाये लेकिन तब भी अंतिम पांच ओवरों में वह 51 रन जोड़ने में सफल रहा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल