1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. World Cup 2019: धोनी की बल्लेबाजी पर उठ रहे सवालों से हैरान हैं बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़

World Cup 2019: धोनी की बल्लेबाजी पर उठ रहे सवालों से हैरान हैं बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 01, 2019 07:55 pm IST,  Updated : Jul 01, 2019 07:55 pm IST

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने महेन्द्र सिंह धोनी का समर्थन करते हुए सोमवार को कहा कि स्ट्राइक रेट को लेकर इस अनुभवी बल्लेबाज की लगातार हो रही आलोचना से वह आश्चर्यचकित हैं।

msd- India TV Hindi
World Cup 2019: धोनी की बल्लेबाजी पर उठ रहे सवालों से हैरान हैं बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ Image Source : GETTY IMAGES

बर्मिंघम। भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने महेन्द्र सिंह धोनी का समर्थन करते हुए सोमवार को कहा कि स्ट्राइक रेट को लेकर इस अनुभवी बल्लेबाज की लगातार हो रही आलोचना से वह आश्चर्यचकित हैं।

धोनी ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ 31 गेंद में 42 रन की नाबाद पारी खेली लेकिन भारत यह मैच 31 रन से हार गया। इस हार के बाद एक बार फिर अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की धोनी की क्षमता पर सवाल उठने लगे।

बांग्लादेश के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर बांगड़ ने कहा, ‘‘एक पारी (अफगानिस्तान के खिलाफ 52 गेंद में 28 रन) को छोड़कर उन्होंने हमेशा अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने सात में से पांच मैचों में टीम के लिए अपनी भूमिका को बखूबी निभाया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित शर्मा के साथ 70 रन की साझेदारी की। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्होंने जो जरूरी था वह किया। मैनचेस्टर में मुश्किल पिच पर उन्होंने 58 रन की अहम पारी खेली। यहां (इंग्लैंड के खिलाफ) भी उन्होंने अपनी भूमिका को अच्छे से निभाया।’’ बांगड़ को नहीं लगता की आखिरी के ओवरों में धोनी और केदार जाधव के जज्बे में कोई कमी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे ऐसा नहीं लगता क्योंकि उन्होंने आखिरी के ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने मैदान (सीमारेखा) की लंबाई का पूरा फायदा उठाया और ऐसे गेंदबाजी की जिस पर बड़ा शाट लगना मुश्किल था।’’

भुवनेश्वर कुमार पूरी तरह फिट हैं। बांगड़ ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की योजना को खारिज नहीं किया। उन्होंने संकेत दिया कि रविन्द्र जडेजा को भी मौका मिल सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ टीम प्रबंधन यहां के मैदान और हालात को देखते हुए कई संयोजनों को अपना सकता है। हम ऐसा संयोजन भी बना सकते हैं जिसमें हार्दिक पंड्या के साथ तीन तेज गेंदबाज हों।’’

बांगड़ से जब पूछा गया कि क्या जाधव को अंतिम 11 से बाहर किया जाएगा तो उन्होंने कहा, ‘‘ हम जडेजा को टीम में शामिल करने के बारे में सोच रहे है। टीम संयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों के नाम पर विचार हो रहा है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल