1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने वाले मैट हेनरी का बड़ा बयान, बोले- भारत पर दबाव बनाने की जरूरत थी

भारतीय टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने वाले मैट हेनरी का बड़ा बयान, बोले- भारत पर दबाव बनाने की जरूरत थी

 Reported By: IANS
 Published : Jul 10, 2019 08:47 pm IST,  Updated : Jul 10, 2019 08:47 pm IST

हेनरी ने बुधवार को यहां खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 37 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन के चलते न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को 18 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 

भारतीय टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने वाले मैट हेनरी का बड़ा बयान, बोले- भारत पर दबाव बनाने की जरूरत थी- India TV Hindi
भारतीय टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने वाले मैट हेनरी का बड़ा बयान, बोले- भारत पर दबाव बनाने की जरूरत थी Image Source : AP

मैनचेस्टर। आईसीसी विश्व कप-2019 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ तीन विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने कहा कि टीम ने गेंद से अच्छी शुरुआत की और शुरू से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। हेनरी ने बुधवार को यहां खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 37 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन के चलते न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को 18 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 

हेनरी ने मैच के बाद कहा, "हमने इस बारे में बात की थी कि हमें अपना सर्वश्रेष्ठ करना होगा और हम कर सकते हैं। गेंदबाजों ने गेंद से अच्छी शुरुआत की और दबाव बनाए रखने की कोशिश की। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी के खिलाफ हमारे सामने कई सारे प्रश्न थे।" हेनरी को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। 

उन्होंने कहा, "हमें पता था कि सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम के सामने हमें दबाव बनाने की जरूरत है। लेकिन साथ ही हम यह भी जानते थे कि इस विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। हमें खुद पर विश्वास था और हम शुरुआत में कुछ मौके बनाते हैं तो कुछ भी हो सकता है।" 

न्यूजीलैंड टीम ने भारत के सामने 240 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे भारतीय टीम संघर्ष के बाद भी हासिल नहीं कर पाई और 49.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर 221 रन ही बना सकी। 

भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 59 गेंदों पर 77 रनों की लाजवाब पारी खेली और महेंद्र सिंह धोनी ने 72 गेंदों पर 50 रन बनाए। इन दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी भी भारत को जीत नहीं दिला सकी। 

हेनरी ने साथ ही कहा, "हमें पता था कि हार्दिक, धोनी और जडेजा विश्व स्तरीय फिनिशर हैं। इसलिए हमें मैच को अच्छे से खत्म करने की जरूरत है और उन्हें ऑलआउट करने की जरूरत है। लॉर्ड्स में फाइनल खेलना मेरे लिए बहुत शानदार है। यहां तक पहुंचने के लिए न्यूजीलैंड टीम के समर्थकों का शुक्रिया। हम फाइनल को लेकर बेहद उत्साहित हैं।" 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल