मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) 2016 ICC विश्व टी20 के दौरान मुंबई और नागपुर में पाकिस्तान के मैच को लेकर वहां के क्रिकेट संध से विचार विमर्श कर रहा है।
BCCI को डर है कि इन शहरों में पाकिस्तान के मैच होने से कानून व्यवस्था ख़राब हो सकती है क्योंकि शिव सेना ने महाराष्ट्र में हमेशा उन खेलों का विरोध किया है जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल रहे हैं।
टी20 के मैचों के लिए नागपुर, मुंबई, कोलकता, धर्मशाला, बेंगलोर,चेन्नई और मोहाली को चुना गया है।
अंग्रेज़ी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार BCCI के सचिव अनुराग ठाकुर ने महाराष्ट्र में क्रिकेट अधिकारियों से इस बारे में बात की और उनका कहना है कि पाकिस्तान के मैच यहां नहीं होने चाहिए क्योंकि राजनीतिक दल हंगामा मचा सकते हैं।
BCCI के एक टॉप अधिकारी ने कहा कि हमें नहीं मालूम कि अगले साल तक दोनों देशों के बीच कैसे संबंध रहते हैं लेकिन हम कोई जोख़िम नहीं उठाना चाहते।
जुलाई में शिव सेना ने मुंबई और पुणें में कबड्डी लीग के उन मैचों का विरोध किया था जिनमें पाकिस्तानी खिलाड़ी खेल रहे थे। विरोध की वजह से उन्हें इन मैचों में नहीं खिलाया गया था।
इंटरनैशनल क्रिकेट कॉंसिल ने अभी वर्ल्ड टी20 के ड्रॉ की घोषणा नहीं की है लेकिन ख़बरों के मुताबिक भारत पाकिस्तान और वेस्ट इंडीज़ एक ही ग्रुप में हो सकते हैं।
भारत और पाकिस्तान के मैच चेन्नई या मोहाली में हो सकते हैं।