मुंबई: कहते हैं इश्क़ और मुश्क छुपाए नहीं छुपता भले ही आप लाख कोशिश कर लें। ऐसा ही कुछ क़िस्सा है हमारे इंडियन क्रिकेट पोस्टर बॉय विराट कोहली और बॉलीवुड स्टार अनुष्का शर्मा का।
वैसे अनुष्का और विराट ने अपने इश्क़ पर ऐसी चिलमन (पर्दा) डाल रखी है कि साफ छुपते भी नहीं और सामने आते भी नहीं। और रही सही कसर मीडिया भी पूरी कर देता है लेकिन इस बार तो विराट के दोस्त युवराज सिंह ने दोनों ख़ासकर अनुष्का के चेहरे का नक़ाब सरे आम उतार दिया।
दरअसल अनुष्का ने अपनी अगली फिल्म 'बॉम्बे वेल्वेट' के अपने तीन लुक का कोलाज बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। इस कोलाज पर अनुष्का के फैंस के कमेंट्स आने लगे तो युवराज ने भी न सिर्फ कमेंट कर डाला बल्कि एक ओपन सीक्रेट को भी और भी ओपन कर दिया। युवराज ने अपने कमेंट में लिखा, 'ओए होए रोजी भाभी। बहुत अच्छी लग रही हो।'
बस फिर क्या था, देखते ही देखते बाकी लोगों ने भी युवराज के कमेंट्स पर कमेंट्स करना शुरू कर दिया। एक फैन ने कमेंट किया, 'युवी पाजी की भाभी, अब जवाब तो दीजिए। प्यारी लग रही हो'। इसके बाद युवी ने अपना कमेंट डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक मीडिया उन्हें पकड़ चुकी थी। एक फैन ने कमेंट किया, 'मीडिया ने आपको पकड़ लिया।' गौरतलब है कि क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान अनुष्का और विराट को लेकर कई जोक्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।
एक जोक में कहा गया, 'कल क्या हाल होता है, हमारे तेवर देखना, किस तरह धोते हैं अनुष्का के देवर देखना।' इस तरह के कई और पोस्ट भी किए जा रहे थे और भारतीय टीम को विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के रिश्ते की वजह से अनुष्का के देवर बताया गया है और इसी वजह से ‘अनुष्का के देवर और जेठ’ सोशल मीडिया और वाट्सएप पर छाए हुए थे।