नई दिल्ली: भारत के खिलाफ वनडे सिरीज़ से पहले ऑस्ट्रेलिया चेन्नई में भारत की बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन के साथ प्रैक्टिस मैच खेलेगी। इस अभ्यास मैच के लिए राहुल त्रिपाठी और संदीप शर्मा जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है। लेकिन युवराज सिंह को जगह नहीं मिली है। युवराज दिलीप ट्रॉफी का भी हिस्सा नहीं है।
दरअसल टीम इंडिया के चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे पर अभ्यास मैच के लिये बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन में फोर्थ कैटेगरी की टीम का चयन किया है, क्योंकि देश के टॉप 45 खिलाड़ी दिलीप ट्रॉफी में व्यस्त हैं। ऐसे में युवराज का बोर्ड प्रेसिडेंट की टीम में भी न चुना जाना उनके भविष्य पर सवाल खड़े करता है।
आईपीएल के पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिला़ड़ियों को बोर्ड प्रेसिडेंट की टीम में शामिल किया गया है। इनमें राहुल त्रिपाठी, नीतीश राणा और एमएस वॉशिंगटन सुंदर के साथ तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि युवराज को टीम इंडिया में शामिल न करना उनके लिए चिंता की बात हो सकती है। वहीं इससे पहले श्रीलंका दौरे पर भी युवराज टीम से बाहर ही थे।
श्रीलंका दौरे जो टीम गई थी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिरीज़ में भी उन्हीं खिलाड़ियों को मौका मिलना लगभग तय लग रहा है। बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन की टीम के 14 खिलाड़ी, श्रीलंका गई 15 सदस्यीय टीम इंडिया और दिलीप ट्रॉफी खेल रहे 45 क्रिकेटर मिलाकर देश के टॉप 74 क्रिकेटरों में भी युवराज सिंह को शामिल नहीं किया गया।
बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन की टीम: राहुल त्रिपाठी, मयंक अग्रवाल, शिवम चौधरी, नीतीश राणा, गोविंद पोद्दार, गुरकीरत मान, श्रीवत्स गोस्वामी, अक्षय कर्णेवार, कुलवंत खेज्रोलिया, कुशांग पटेल, आवेश खान, संदीप शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, राहिल शाह।