ICC महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय महिला टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के शानदार अर्धशतकों के बावजूद भारत को इंग्लैंड के हाथों चार रन से हार का सामना करना पड़ा। यह भारत की लगातार तीसरी हार रही, जबकि इंग्लैंड ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम अब ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वहीं, भारत को अब टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अपने बाकी दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। टीम इंडिया का अगला मैच 23 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा।
टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने किया निराश
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने कप्तान हीथर नाइट के शानदार शतक और एमी जोन्स के अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन बनाए। भारतीय गेंदबाज एक समय अच्छी वापसी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन इंग्लैंड की मिडिल ऑर्डर जोड़ी ने धैर्य के साथ टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। स्मृति मंधाना ने लय में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने भी अच्छी पारियां खेलीं, लेकिन टीम अंत तक लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई। भारत की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 284 रन बनाए और सिर्फ 4 रन से हार झेलनी पड़ी। मैच के आखिरी ओवर में भारत को 14 रन की जरूरत थी। स्नेह राणा (नाबाद 10) और अमनजोत कौर (नाबाद 18) क्रीज पर थीं, लेकिन इंग्लैंड की सटीक गेंदबाजी के आगे टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
रन चेज बन रहा सिरदर्द
वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का रिकॉर्ड 200 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहद खराब रहा है। टीम इंडिया अब तक महिला वर्ल्ड कप में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करने में एक भी बार सफल नहीं हो सकी है। टीम को 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। यही नहीं, यह पहली बार है जब टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप मैच में चेज करते हुए 250 रन का आंकड़ा पार किया। इससे पहले टीम ने 2013 में ब्रेबोर्न में इंग्लैंड के खिलाफ 240/9 का स्कोर बनाया था यह भारत का वर्ल्ड कप में बिना किसी बल्लेबाज के शतक के दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले टीम ने इसी वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापत्तनम में 330 रन ऑल आउट बनाए थे। ये मैच भी भारतीय टीम 3 विकेट से हार गई थी।
अब करो या मरो की स्थिति
वर्ल्ड कप 2025 में लगातार तीन हार के बाद भारत का सेमीफाइनल में पहुंचना अब मुश्किल हो गया है। टीम को अपने बचे हुए दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। अब सबकी निगाहें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अगले मैच पर टिकी हैं, जो भारत की किस्मत तय करेगा।
यह भी पढ़ें
'उनके लिए फॉर्म बस एक शब्द है', विराट को लेकर टीम इंडिया के खिलाड़ी ने दिया ऐसा बयान