महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मैच भारत और इंग्लैंड के बीच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 289 रनों का टारगेट था, लेकिन इस लक्ष्य को अंत में हरमनप्रीत की टीम हासिल नहीं कर पाई। इंग्लैंड ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया लक्ष्य से 4 रन पीछे रह गई। स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत की बेहतरीन पारी भी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी। यह इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की लगातार तीसरी हार है। वहीं इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही।
इंग्लैंड के लिए हीथर नाईट ने लगाया शानदार शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को टैमी ब्यूमोंट और एमी जोंस ने शानदार शरूआत दिलाई, पहले विकेट के लिए दोनों प्लेयर्स के बीच 73 रन की पार्टनरशिप हुई। इंग्लैंड के लिए हीथर नाइट ने 91 गेंद पर 109 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौका और एक छक्का लगाया। एमी जोंस 56 रन, कप्तान नट सीवर-ब्रंट 38 रन बनाकर आउट हो गई। सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने 22 तो वहीं चार्लोट डीन 19 रन बनाकर नाबाद रहीं। सोफिया डंकले 15, एम्मा लंब 11 और सोफी एक्लेस्टोन 3 रन बनाकर आउट हुईं। गेंदबाजी की बात करें तो वहां भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं श्री चरणी ने 2 विकेट अपने नाम किए।
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर की पारी गई बेकार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत भी इस मैच में अच्छी नहीं रही। प्रतिका रावल इस मैच में 14 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गई। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरी हरलीन देओल ने 31 गेंदों में 24 रन बनाए। इसके बाद हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बीच तीसरे विकेट के लिए 125 रन की पार्टनरशिप हुई। इस साझेदारी के बाद टीम इंडिया के लिए यह रन चेज आसान हो गया था। यहां से टीम इंडिया के लिए जीत लगभग पक्की दिख रही थी। लेकिन मंधाना के आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा ने भारतीय पारी को संभाला लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला और अंत में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए मंधाना ने 94 गेंदों में 88 रन बनाए। वहीं कौर ने 70 गेंदों में 70 रन बनाए। दीप्ति ने 57 गेंदों में 50 रन की पारी खेली।
यह भी पढ़ें
'उनके लिए फॉर्म बस एक शब्द है', विराट को लेकर टीम इंडिया के खिलाड़ी ने दिया ऐसा बयान
शुभमन गिल के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, लिस्ट में विराट का नाम भी शामिल