3 Players Who Can Replace Rohit Sharma: मुंबई इंडियंस को अपने अगले मैच से पहले एक बड़ा झटका लगा है। टीम को अगला मुकाबला पंजाब किंग्स से खेलना है, काफी हद तक संभावना है कि इस मैच से मुंबई इंडियंस के दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा बाहर हो सकते हैं। रोहित को RCB के खिलाफ पिछले मैच में हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिस वजह से वह बल्लेबाजी के बीच में ही रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में किस प्लेयर को रोहित शर्मा की जगह मौका मिलेगा। हम आपको उन 3 प्लेयर्स के नाम बताने जा रहे हैं जो इस मैच में रोहित को रिप्लेस कर सकते हैं।
क्विंटन डी कॉक
रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस के लिए ओपनर के तौर पर क्विंटन डी कॉक सबसे अच्छा विकल्प हो सकते हैं। उनके पास आईपीएल में खेलने का काफी अनुभव है और वह इस टूर्नामेंट में 3300 से अधिक रन बना चुके हैं। ऐसे में वह रोहित शर्मा के परफेक्ट रिप्लेसमेंट साबित हो सकते हैं। डी कॉक आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
33 साल के डी कॉक आईपीएल में कई फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं और पिछले कुछ सालों में कुछ बेहतरीन पारियां खेली हैं। लेकिन उन्हें टीम में शामिल करने के लिए MI को अपने विदेशी खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन में बदलाव करना होगा। डी कॉक को टीम में फिट करने के लिए मिचेल सैंटनर या ट्रेंट बोल्ट में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
नमन धीर
एक और खिलाड़ी जो रोहित शर्मा की जगह ओपनिंग कर सकते हैं, वो हैं नमन धीर। नमन धीर पिछले मैच में मुंबई इंडियंस की प्लेइंग XI का हिस्सा रह चुके हैं और इसलिए उन्हें इस मैच के लिए प्लेइंग XI में मौका मिल सकता है। जरूरत पड़ने पर वह पारी की शुरुआत भी कर सकते हैं। 26 साल के इस खिलाड़ी ने अब तक 27 IPL मैच खेले हैं और 176 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 451 रन बनाए हैं। मुंबई के लिए वह टॉप ऑर्डर में काफी मददगार साबित हो सकते हैं। पंजाब किंग्स के बॉलिंग अटैक के खिलाफ वह अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं।
रॉबिन मिंज
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की टीम रोहित की जगह रॉबिन मिंज को मौका दे सकती है। मिंज के पास आईपीएल में खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की है। IPL 2024 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा था, और बाद में IPL 2025 के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें 65 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। मिंज को अब तक ज्यादा मौके नहीं मिले हैं और उन्होंने सिर्फ 7 T20 मैच खेले हैं। ऐसे में इस मैच में उन्हें मौका मिलता है तो वह जाहिर तौर पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें
RCB vs LSG मैच से आई बुरी खबर, कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से गए बाहर
VIDEO: मिचेल मार्श ने चिन्नास्वामी में जड़ा गगनचुंबी छक्का, गेंद को पहुंचाया स्टेडियम के पार